सिरोही जिले में भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक पावन पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में इस पर्व की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी, मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और उनकी लंबी उम्र तथा सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार और मिठाई देकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। सुबह से ही बाजारों में राखी, मिठाई और उपहार की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे। इस दौरान जलेबी के साथ घेवर की बिक्री अधिक रही। बढ़ती महंगाई भी लोगों के उत्साह और खरीदारी को कम नहीं कर सकी। रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए रोडवेज बसों और रेलवे स्टेशनों से यात्रा की।

