बाबा साहब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) में 11वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। इसमें छात्रों ने निर्धारित दीक्षांत पोशाक में हिस्सा लिया। इस दौरान डिग्री और मेडल वितरण समेत समारोह की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। कुलपति ने देखी व्यवस्थाएं कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने रिहर्सल के दौरान समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने छात्रों के बैठने की व्यवस्था, मंच तक पहुंचने की प्रक्रिया, डिग्री और मेडल लेने के क्रम, प्रवेश और निकास मार्ग समेत अन्य व्यवस्थाओं को देखा। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं तय कार्यक्रम और प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी करने के निर्देश दिए। छात्रों को दिए गए जरूरी निर्देश रिहर्सल के दौरान छात्रों को उनकी निर्धारित सीट, प्रवेश और निकास मार्ग के साथ मंच पर जाने और डिग्री-मेडल प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई। समारोह के अलग-अलग चरणों के बीच समन्वय भी परखा गया, ताकि मुख्य कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। 29 अगस्त को होगा 11वां दीक्षांत समारोह BBAU का 11वां दीक्षांत समारोह 29 अगस्त को आयोजित होगा। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में वर्ष 2023, 2024, 2025 और 2026 में पास आउट हुए छात्रों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को गोल्ड मेडल और अन्य सम्मान भी दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने छात्रों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए कार्यक्रम से जुड़ी जरूरी जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है। इसमें कार्यक्रम स्थल, रिपोर्टिंग और प्रवेश का समय समेत अन्य दिशा-निर्देश शामिल हैं।

