गोंडा में रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को ब्रह्मकुमारी आश्रम की बहनों ने भाजपा के दो सांसदों और एक सांसद की बेटी को राखी बांधी। मनकापुर ब्रह्मकुमारी आश्रम की बहनें दोपहर करीब 2 बजे मनकापुर कोट पहुंचीं। यहां उन्होंने गोंडा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद और विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया की कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद उन्हें मिठाई खिलाई और वरदान कार्ड व ब्लेसिंग कार्ड भेंट किए। बहनों ने उन्हें ‘ओम शांति’ का पटका पहनाकर आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने मंत्री को उपहार भी भेंट किए और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। करण भूषण सिंह और बेटी कामाक्षी को बांधी राखी
वहीं, नवाबगंज ब्रह्मकुमारी आश्रम की बहनें सुबह करीब 10 बजे नवाबगंज के विश्नोहरपुर स्थित कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह के आवास पहुंचीं। उन्होंने सांसद करण भूषण सिंह से मुलाकात कर उनकी कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद उन्हें वरदान कार्ड और ब्लेसिंग कार्ड देकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। बहनों ने सांसद की बेटी कामाक्षी सिंह को भी राखी बांधकर आशीर्वाद दिया। एक घंटे तक विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
इस दौरान करण भूषण सिंह और ब्रह्मकुमारी बहनों के बीच करीब एक घंटे तक विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई। दोनों सांसदों ने ब्रह्मकुमारी बहनों के साथ राखी के इस रिश्ते को पवित्र बताया। उन्होंने आश्रम की बहनों के सामाजिक कार्यों और सनातन धर्म के प्रति उनके योगदान की सराहना की। सांसदों ने कहा कि ब्रह्मकुमारी बहनों से मिलकर और उनका आशीर्वाद प्राप्त कर उन्हें बहुत अच्छा लगता है।

