फर्रुखाबाद के एक युवक की बदायूं में अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। युवक अपनी बहन से राखी बंधवाने संभल जा रहा था। यह हादसा शुक्रवार सुबह 10 बजे कादरचौक थाना क्षेत्र में बदायूं-कादरचौक मार्ग पर बिचौला गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान फर्रुखाबाद जिले के मेरापुर थाना क्षेत्र के साहबगंज गांव निवासी 22 वर्षीय प्रभात चौहान पुत्र महेश चंद्र सिंह के रूप में हुई है। प्रभात खेती करते थे और अपने दो भाइयों में बड़े थे। वह रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहन माधुरी के घर संभल के कस्बा बहजोई जा रहे थे। बिचौला गांव के पास बदायूं-कादरचौक मार्ग पर उनकी बाइक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर कादरचौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक के परिजनों को सूचित किया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक छा गया। कुछ देर बाद परिवार के सदस्य बदायूं पहुंच गए। परिजनों के अनुसार, प्रभात खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

