डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र के सिदड़ी खेरवाड़ा गांव में एक चाचा ने अपनी भतीजी पर लोहे की पाइप से हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, सिदड़ी खेरवाड़ा गांव निवासी मणि पुत्री नटवर कनिपा शुक्रवार रात अपने घर में बैठी थी। तभी उसका चाचा शराब के नशे में लोहे की पाइप लेकर वहां पहुंचा और मणि के सिर पर वार कर दिया। हमले में मणि लहूलुहान होकर गिर पड़ी। घटना के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी चाचा वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के पायलट शांतिलाल और ईएमटी निकुंज जोशी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल मणि को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, हमले के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

