Dausa Road Accident: दौसा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसे ने यात्रियों की यात्रा को मातम में बदल दिया। कोलवा थाना क्षेत्र के गुढलिया गांव के पास अहमदाबाद से दिल्ली जा रही निजी ट्रैवल्स कम्पनी की स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 21 यात्री घायल हो गए।
एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत राहत के लिए मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही कोलवा और सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को दौसा जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

