गुरुग्राम में पुराने सिविल अस्पताल के सामने देर रात तेज रफ्तार हाइड्रा मशीन के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए एक बाइक सवार डिलीवरी बॉय को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी चालक को राहगीरों ने पकड़ लिया। घायल युवक की पहचान मंजीत कुमार यादव के रूप में हुई है। मंजीत मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के राजीव नगर इलाके में किराए पर रहता है। वह फ्लिपकार्ट 10 मिनट ग्रोसरी डिलीवरी सेवा में बतौर डिलीवरी बॉय काम करता है। रोज की तरह वह देर रात करीब 11 बजे अपनी बाइक से एक ग्राहक का ऑर्डर डिलीवर करने जा रहा था। जैसे ही वह पुराने सिविल अस्पताल के पास पहुंचा, तभी एक अनियंत्रित हाइड्रा मशीन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों और पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मंजीत सड़क पर लहूलुहान हालत में तड़प रहा था। वहां मौजूद राहगीरों ने तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना समय गंवाए राहगीरों और एम्बुलेंस की मदद से घायल मंजीत को पास के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, युवक को काफी गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। आरोपी चालक को पकड़ा
सिटी थाना पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। देर रात भारी वाहनों की लापरवाही के कारण शहर में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। मौके पर जुटे डिलीवरी पार्टनरों ने पुलिस से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाए।

