SN किडनी ट्रांसप्लांट टीम का केंद्रीय मंत्री ने किया सम्मान:डोनर पत्नी से मिल दिया उपहार, मेडिकल कॉलेज में पहली बार हुई यह सर्जरी

SN किडनी ट्रांसप्लांट टीम का केंद्रीय मंत्री ने किया सम्मान:डोनर पत्नी से मिल दिया उपहार, मेडिकल कॉलेज में पहली बार हुई यह सर्जरी

एसएन मेडिकल कॉलेज में पहली सफल किडनी ट्रांसप्लांट सर्जरी के बाद केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को अंजाम देने वाली मेडिकल टीम को सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने अपने पति को किडनी दान कर नया जीवन देने वाली महिला दाता मीना कुशवाहा से मुलाकात की और उन्हें सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किया। सिकंदराराऊ, हाथरस निवासी मीना ने अपने पति महेंद्र सिंह कुशवाहा को किडनी दान की थी। केंद्रीय मंत्री ने सफल प्रत्यारोपण करने वाली टीम को दुपट्टा पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। पहले पत्नी की निकाली किडनी, फिर पति के शरीर में किया प्रत्यारोपण महेंद्र सिंह की दोनों किडनी खराब हो चुकी थीं और वह लंबे समय से डायलिसिस पर थे। पत्नी मीना ने पति को किडनी दान करने का फैसला किया। जांच में दोनों की रिपोर्ट अनुकूल मिलने के बाद किडनी ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया शुरू की गई। एसजीपीजीआई लखनऊ की विशेषज्ञ टीम की देखरेख में करीब आठ घंटे तक चली सर्जरी में पहले मीना की किडनी निकाली गई। इसके बाद उसी किडनी को महेंद्र के शरीर में प्रत्यारोपित किया गया। सर्जरी के बाद दोनों को आइसोलेट चैंबर में रखा गया। यह एसएन मेडिकल कॉलेज में पहली सफल किडनी ट्रांसप्लांट सर्जरी थी। किडनी ट्रांसप्लांट करने वाली पूरी टीम को किया सम्मानित केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने सफल प्रत्यारोपण करने वाली मेडिकल टीम को सम्मानित करते हुए इसे मेडिकल कॉलेज की बड़ी उपलब्धि बताया। टीम में डॉ. अपूर्व जैन, डॉ. मुदित खुराना, डॉ. कैरवी भारद्वाज, डॉ. प्रशांत लवानिया, डॉ. अंकुश गुप्ता, डॉ. विजय त्यागी, डॉ. प्रदीप देव, डॉ. अभिषेक पाठक, डॉ. योगिता द्विवेदी, डॉ. अर्चना अग्रवाल, डॉ. राजीव पुरी, डॉ. अतिहर्ष मोहन और डॉ. प्रवेंद्र पांडे सहित अन्य चिकित्सक व मेडिकल स्टाफ शामिल रहा। अंगदान मुहिम से भी जुड़ी यह उपलब्धि 16 सितंबर 2023 को आगरा के जीआईसी मैदान से अंगदान जागरूकता अभियान शुरू किया गया था। उस दौरान 8,003 लोगों ने अंगदान की शपथ ली थी। एसएन मेडिकल कॉलेज में सफल किडनी ट्रांसप्लांट को अंगदान के प्रति बढ़ती जागरूकता की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। प्राचार्य ने केंद्रीय मंत्री का जताया आभार एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल का आभार जताते हुए पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू होने से अब आगरा और आसपास के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। इस मौके पर एसआईसी डॉ. ब्रजेश शर्मा, गौरव शर्मा, नवीन गौतम, रोहित कत्याल, डॉ. प्रीति भारद्वाज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *