रक्षाबंधन त्योहार के मद्देनजर अमेठी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के निर्देश पर जिले के भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। त्योहार पर घर लौटने वालों की भीड़ को देखते हुए अमेठी पुलिस अलर्ट मोड पर है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
महिला सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बाजारों और बस स्टेशनों पर महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त, पीआरवी वैन को लगातार गश्त पर लगाया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम का त्योहार है और इसे शांतिपूर्ण व सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। एसपी सरवणन टी ने बताया कि रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन के साथ ही भीड़भाड़ वाले सभी स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

