भिंड के मेहगांव में जमीन के नामांतरण के लिए रिश्वत मांगने वाले पटवारी को लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को पांच हजार रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सिमार हल्के में पदस्थ पटवारी संजय बघेल पर आरोप है कि उसने फरियादी से नामांतरण के एवज में पहले 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में 10 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। फरियादी की शिकायत पर लोकायुक्त ने सत्यापन के बाद ट्रैप की कार्रवाई की और पांच हजार रिश्वत की पहली किस्त लेते ही पटवारी को दबोच लिया। सरसेड़ा निवासी राघवेन्द्र बघेल ने अपनी पत्नी के नाम जमीन खरीदी थी। जमीन का नामांतरण कराने के लिए वह सिमार हल्के के पटवारी संजय बघेल के पास पहुंचा। फरियादी के मुताबिक नामांतरण की कार्रवाई के लिए पटवारी ने उससे 30 हजार रुपए की मांग की। राघवेन्द्र ने रिश्वत देने में असमर्थता जताई तो बातचीत के बाद रकम घटाकर 10 हजार रुपए तय की गई। फरियादी से अभद्रता का भी आरोप
फरियादी का आरोप है कि नामांतरण के काम को लेकर पटवारी से बातचीत के दौरान उसके साथ अभद्रता भी की गई। रिश्वत की मांग और व्यवहार से परेशान होकर राघवेन्द्र बघेल ने मामले की शिकायत लोकायुक्त ग्वालियर से की। गुरुवार को फरियादी को पांच हजार रुपए देकर पटवारी के पास भेजा गया। राघवेन्द्र ने जैसे ही संजय बघेल को पांच हजार रुपए दिए और पटवारी ने रकम अपने कब्जे में ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। पटवारी संजय बघेल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।

