एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के गुहटिया कलां गांव में घरेलू विवाद के बाद एक 25 वर्षीय विवाहिता ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसके बाद उसे एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। परिजनों के अनुसार, महिला को बुधवार देर रात करीब 11 बजकर 45 मिनट पर मेडिकल कॉलेज लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजने का निर्णय लिया। जानकारी के मुताबिक, विवाहिता की पहचान रुबीना पत्नी आसिफ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद रुबीना ने क्षुब्ध होकर यह कदम उठाया। महिला के पति आसिफ ने बताया कि उनका अपनी पत्नी से झगड़ा हो गया था। इसके बाद रुबीना ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। आसिफ ने कहा कि वे उसे अस्पताल लेकर आए हैं और उसकी हालत गंभीर है, इसलिए उसे आगे के उपचार के लिए ले जाया जा रहा है। इस मामले पर जैथरा थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

