उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश पटेल ने अनोखी पहल की। वार्ड क्रमांक-2 में कई दिनों से फैली गंदगी और सफाई नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने खुद फावड़ा उठाया और युवाओं के साथ सफाई अभियान शुरू कर दिया। वार्डवासियों ने लगातार सफाई नहीं होने की शिकायत उपाध्यक्ष से की थी। वार्ड भ्रमण के दौरान राजेश पटेल ने भी गंदगी की स्थिति देखी। नगर पालिका में शिकायत के बावजूद नियमित सफाई नहीं होने पर उन्होंने स्वयं सफाई करने का निर्णय लिया। फावड़ा लेकर सफाई करते देख लोग रह गए हैरान राजेश पटेल को फावड़ा लेकर सफाई करते देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि वार्ड की सफाई के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने युवाओं के साथ मिलकर सफाई शुरू की। तीन दिन से जारी है सफाई अभियान उपाध्यक्ष के अनुसार, वे पिछले तीन दिनों से वार्ड में सफाई कर रहे हैं। अभी कुछ हिस्सों में सफाई का काम बाकी है, जिसे युवाओं के सहयोग से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि वार्ड की सफाई व्यवस्था सुधारना है। उपाध्यक्ष के सफाई अभियान के बाद पाली की राजनीति गरमा गई। कांग्रेस नेता रवि मिश्रा ने भी वार्ड क्रमांक-2 में सफाई करने की बात कही। उन्होंने वार्ड क्रमांक-3 में नालियां जाम होने का मुद्दा उठाते हुए नगर की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। रवि मिश्रा ने कहा कि पाली में भाजपा की सरकार होने के बावजूद नगर की मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं। हालांकि, उन्होंने उपाध्यक्ष राजेश पटेल के खुद सफाई करने के कदम की सराहना की। तस्वीरे देखिए…

