इटावा में कोचिंग से पैदल घर लौट रही एक छात्रा से मोबाइल छीनकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने नौ दिन बाद मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। बुधवार रात करीब 9 बजे ठंडी पुलिया और लायन सफारी के पास एसओजी, सर्विलांस और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। उसके पास से छात्रा से छीना गया मोबाइल, 315 बोर का तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय शुभी राजपूत के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ इटावा समेत मैनपुरी और फिरोजाबाद के कई थानों में पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। जीआईसी स्कूल के गेट के पास हुआ था वारदात मामला 18 अगस्त की शाम का है। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के गांधी नगर निवासी चन्द्रवीर सिंह ने सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी बेटी शाम करीब 7 बजे बलराम सिंह चौराहे से कोचिंग पढ़कर पैदल घर लौट रही थी। छात्रा जब जीआईसी स्कूल ग्राउंड के गेट के पास पहुंची, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर आए युवकों ने उसका मोबाइल झपट लिया। छात्रा कुछ समझ पाती, इससे पहले बाइक सवार युवक तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे। उनके साथ अधिवक्ता अश्वनी सिंह भी वहां पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। अधिवक्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के उच्च पुलिस अधिकारियों से शिकायत की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद पुलिस पर भी घटना के खुलासे का दबाव बढ़ा। सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कर एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने की जिम्मेदारी दी गई। लायन सफारी की ओर आने की मिली थी सूचना पुलिस टीमों ने वारदात के बाद घटनास्थल और उसके आसपास के सुरागों को खंगालना शुरू किया। सर्विलांस टीम भी आरोपी तक पहुंचने में जुटी रही। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में अहम जानकारी मिली और उसकी तलाश तेज कर दी गई। सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह के अनुसार बुधवार रात एसओजी, सर्विलांस और सिविल लाइन पुलिस क्षेत्र में सक्रिय थी। इसी दौरान सूचना मिली कि जीआईसी स्कूल के पास छात्रा से मोबाइल छीनने वाला आरोपी मोटरसाइकिल से लायन सफारी की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने ठंडी पुलिया और लायन सफारी के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस के अनुसार आरोपी ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार पहले आरोपी ने चलाई गोली पुलिस का आरोप है कि घिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान शुभी राजपूत के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस मिला। पुलिस ने छात्रा से छीना गया एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद कर लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर जीआईसी गेट के पास छात्रा का मोबाइल छीना था। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी शुभी राजपूत पुत्र राम प्रकाश राजपूत, ग्राम किल्ली सुल्तानपुर, थाना बसरेहर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ इटावा के अलावा मैनपुरी और फिरोजाबाद में चोरी, छिनैती और अवैध हथियार रखने से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। सैफई, इकदिल, किशनी और शिकोहाबाद थानों में भी उसके खिलाफ मामले होने की जानकारी पुलिस ने दी है। यह कार्रवाई एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन और सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। ऑपरेशन में एसओजी, सर्विलांस टीम और सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक कण्व कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक हासिक समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

