रक्षाबंधन पर्व पर घेवर की महक से महकने लगे बाजार

रक्षाबंधन पर्व पर घेवर की महक से महकने लगे बाजार

बालघाट. रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही बालघाट-टोडाभीम क्षेत्र के बाजारों में घेवर की दुकानों की रौनक बढ़ने लगी है। 28 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। पर्व को लेकर बालघाट, टोडाभीम और आसपास के कस्बों व गांवों में करीब 100 से अधिक स्थानों पर घेवर की दुकानें सजने लगी हैं। हलवाईयों ने घेवर बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। दुकानों पर सादा घेवर, मावा घेवर, मलाई घेवर सहित विभिन्न प्रकार के घेवर तैयार किए जा रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि रक्षाबंधन पर्व पर घेवर की मांग सबसे अधिक रहती है, जिसके चलते पहले से ही पर्याप्त मात्रा में मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। क्षेत्र के ग्रामीण खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंचने लगे हैं। वहीं नौकरी और व्यवसाय के सिलसिले में देश-विदेश के विभिन्न शहरों में रह रहे क्षेत्र के लोग भी रक्षाबंधन मनाने के लिए अपने गांव और घरों की ओर आने लगे हैं। इससे गांवों में भी त्योहार की रौनक बढ़ने लगी है। राखी के साथ घेवर खरीदने की परंपरा के चलते आने वाले दिनों में दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजारों में राखी, मिठाई, कपड़े और उपहार की दुकानों पर भी विशेष चहल-पहल देखने को मिल रही है।
बाज़ार में घेवर की दुकान।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *