बांदा में संदिग्ध युवक हिरासत में:बंग्लादेशी होने की आशंका, चित्रकूट में चार अन्य के होने की जानकारी मिली

बांदा में संदिग्ध युवक हिरासत में:बंग्लादेशी होने की आशंका, चित्रकूट में चार अन्य के होने की जानकारी मिली

बांदा के बदौसा कस्बे में बुधवार शाम बारावफात जुलूस के दौरान पुलिस चेकिंग में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया। पुलिस को उसके बांग्लादेशी नागरिक होने की आशंका है। युवक को हिंदी और अंग्रेजी का ज्ञान नहीं होने के कारण उससे पूछताछ में दिक्कत आ रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ खुफिया विभाग भी जांच में जुट गया है। जुलूस के दौरान चेकिंग में मिला युवक पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि बारावफात के मद्देनजर बुधवार शाम बदौसा कस्बे में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जुलूस में एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, लेकिन भाषा संबंधी समस्या सामने आई। एसपी के अनुसार, युवक हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाएं नहीं समझता है। ऐसे में वह अपनी पहचान और अन्य जानकारियां स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा है। पुलिस उसकी पहचान और भारत में प्रवेश से जुड़ी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। चित्रकूट में चार अन्य युवकों की जानकारी पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक के बांग्लादेशी नागरिक होने की आशंका जताई गई है। साथ ही, उसके चार अन्य साथियों के चित्रकूट में होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, ये युवक करीब 15 दिन पहले चित्रकूट पहुंचे थे और वहां एक होटल में काम कर रहे थे। खुफिया विभाग भी जांच में शामिल मामले की गंभीरता को देखते हुए खुफिया विभाग को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध युवक और उसके कथित साथी भारत में कैसे पहुंचे, उनके पास वैध दस्तावेज हैं या नहीं और चित्रकूट में उनके ठहरने और काम करने से जुड़ी जानकारी क्या है। चित्रकूट भेजी गई पुलिस टीम एसपी पलाश बंसल ने बताया कि गुरुवार को बांदा पुलिस की एक टीम चित्रकूट के लिए रवाना की गई है। टीम वहां बताए गए चार अन्य युवकों के बारे में जानकारी जुटाएगी। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से उसकी भाषा समझने वाले व्यक्ति की मदद से पूछताछ कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही युवक की वास्तविक पहचान, नागरिकता और भारत आने के उद्देश्य की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *