वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री से 10 लाख नकद बरामद:नवी मुंबई से आया था सुल्तानपुर का युवक, बोला- जमीन खरीदने आया हूं

वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री से 10 लाख नकद बरामद:नवी मुंबई से आया था सुल्तानपुर का युवक, बोला- जमीन खरीदने आया हूं

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह एक यात्री के पास से 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। यात्री नवी मुंबई से अकासा एयर की फ्लाइट से सुबह करीब 9:30 बजे वाराणसी पहुंचा था। सुरक्षा जांच के दौरान बड़ी रकम मिलने पर उसे रोककर पूछताछ शुरू की गई और आयकर विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलने के कुछ देर बाद आयकर विभाग की टीम एयरपोर्ट पहुंची। टीम ने नकदी को अपने कब्जे में लेकर यात्री से पूछताछ शुरू की। यात्री की पहचान सुल्तानपुर के करौंदीकला निवासी सचिन सिंह पुत्र शिवकुमार सिंह के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, नवी मुंबई एयरपोर्ट पर उसकी कुछ गतिविधियां संदिग्ध पाई गई थीं। इसी आधार पर वाराणसी पहुंचने पर उसकी गहन जांच की गई, जिसमें 10 लाख रुपये नकद मिले। इसके बाद उसे एक अलग कमरे में ले जाकर पूछताछ की गई। आयकर अधिकारियों ने एयरपोर्ट के विजिटर एरिया में बने एक कमरे में देर शाम तक सचिन सिंह से पूछताछ की। अधिकारियों ने उससे नकदी के स्रोत, इतनी बड़ी रकम वाराणसी लाने का कारण और उससे संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी मांगी। पूछताछ के दौरान सचिन सिंह ने बताया कि वह नवी मुंबई में पान का कारोबार करता है। उसने दावा किया कि वह वाराणसी में जमीन खरीदने के उद्देश्य से यह 10 लाख रुपये लेकर आया था। हालांकि, आयकर विभाग अभी भी रुपये के वास्तविक स्रोत और यात्री के पास आवश्यक दस्तावेज होने की जांच कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ और दस्तावेजों की पड़ताल पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *