Rajsamand News: इनकम टैक्स अधिकारी बनकर होटल खरीदने का झांसा, 8.50 लाख की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार

Rajsamand News: इनकम टैक्स अधिकारी बनकर होटल खरीदने का झांसा, 8.50 लाख की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार

राजसमंद। खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर होटल खरीदने या पार्टनरशिप का झांसा देकर 8.50 लाख रुपए की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को राजनगर थाना पुलिस ने वारदात के महज चार घंटे में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने होटल संचालक को एडवांस राशि देने का भरोसा दिलाकर 50 हजार रुपए नकद और करीब 40 ग्राम वजन की तीन सोने की चेन लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीनों सोने की चेन और 50 हजार रुपए नकद बरामद कर लिए हैं। वारदात में इस्तेमाल कार को भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को बडारड़ा निवासी वेणीराम कुमावत ने राजनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि अतित शाह नाम का व्यक्ति पिछले तीन-चार दिनों से उसके होटल पर आ रहा था। वह होटल में खाना खाकर चला जाता था। इस दौरान उसने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताया और होटल खरीदने अथवा उसमें पार्टनर बनने की बात कही। आरोपी की बातों पर भरोसा करते हुए होटल संचालक ने उसे होटल लीज पर देने की बात कही।

पत्नी के जन्मदिन का बनाया बहाना

24 अगस्त को अतित शाह कार से होटल पहुंचा। उसने होटल संचालक से कहा कि उसकी पत्नी और भोपाजी आने वाले हैं। उसने बताया कि आज मुहूर्त का दिन है और उसकी पत्नी का जन्मदिन भी है, इसलिए उसे गिफ्ट देना है। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि पत्नी के आने के बाद एडवांस राशि और अन्य भुगतान कर दिया जाएगा।

इसके बाद आरोपी ने होटल संचालक से 500 रुपए के नए नोटों की एक गड्डी और तीन सोने की चेन लाने को कहा। उसकी बातों में आकर वेणीराम ने आरोपी को 50 हजार रुपए नकद दे दिए। साथ ही कांकरोली की दुकान से करीब 40 ग्राम वजन की तीन सोने की चेन मंगवाकर उसे सौंप दीं। सामान लेने के बाद आरोपी अपनी कार से फरार हो गया और मोबाइल फोन बंद कर लिया।

नाकाबंदी कर चार घंटे में पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में राजनगर थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित की। पुलिस ने रेंज स्तर पर नाकाबंदी कर तकनीकी सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की। इस दौरान खेरवाड़ा थाना पुलिस की टीम ने भी विशेष सहयोग किया।

पुलिस ने आरोपी को मोथली चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान डिटेन कर लिया। तकनीकी आधार पर पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी अतित शाह को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से तीनों सोने की चेन और 50 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। वारदात में इस्तेमाल वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

यह वीडियो भी देखें :

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। मामले में उसके साथी की भूमिका को लेकर आरोपी से पूछताछ और आगे का अनुसंधान जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *