लखनऊ के गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से बुधवार को ‘नवोन्मेष’ विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नई सोच, रचनात्मकता और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता पूजन और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद कार्यक्रम दो सत्रों में चला। पहले सत्र में विद्यार्थियों के साथ संवाद और प्रश्नोत्तर हुआ, जबकि दूसरे सत्र में बौद्धिक चर्चा के जरिए युवाओं का मार्गदर्शन किया गया। नवाचार और नई सोच को अपनाने की अपील की मुख्य वक्ता आरएसएस उत्तर प्रदेश पूर्वी क्षेत्र के सह प्रचार प्रमुख मनोजकांत रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए। समानता, मातृशक्ति सशक्तीकरण, पेपर लीक और ए. आई जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीआईएचएस महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष पांडेय ने की। उन्होंने युवाओं से व्यक्तित्व विकास के साथ नवाचार और नई सोच को अपनाने की अपील की। राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित किया विशेष संवाद सत्र में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, शिक्षा, तकनीक और युवाओं की भूमिका पर विचार-मंथन हुआ। प्रश्नोत्तर के माध्यम से विद्यार्थियों को इन विषयों पर नए दृष्टिकोण मिले और राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में डॉ. करुणा शंकर शुक्ला, निदेशक जीआईपीएस न्यू, डॉ. ओम प्रकाश वर्मा, निदेशक जीआईपीएस ओल्ड, डॉ. जैनेंद्र वर्मा, प्राचार्य गोयल डिप्लोमा, डॉ. एसके शुक्ला, चीफ प्रॉक्टर, भाग प्रचारक आशुतोष, युवराष्ट्र प्रांतीय टोली सदस्य सुमित, कार्यक्रम संयोजक शिव कुमार त्रिपाठी, अविनाश, शिवांश और श्रवण मौजूद रहे।

