लखनऊ में साइबर जालसाजों अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बनाकर 36.95 लाख ठग लिए। कहीं जोमाटो की कस्टमर केयर तलाशने के दौरान ठगी हुई तो कहीं ग्रीन गैस अधिकारी बनकर खाते से लाखों रुपए निकाल लिए गए। किसी का मोबाइल हैक कर बैंक खाते से रकम उड़ाई गई। पुलिस ने अलग-अलग थानों में पांच मुकदमें दर्ज किए हैं। हुसैनगंज के मुरलीनगर निवासी गुलशन मेहता ने पुलिस को बताया कि 9 अगस्त को वह जोमाटो की शिकायत दर्ज कराने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर नंबर तलाश रहे थे। कॉल करने पर राहुल नाम के व्यक्ति से बात हुई। उसने शिकायत दर्ज कराने के नाम पर 5 रुपए का पेमेंट कराया। इसके बाद 10 अगस्त की सुबह इंटरनेट बैंकिंग से स्टेटमेंट चेक किया तो पीएनबी एकाउंट से 5-5 लाख रुपए के दो ट्रांजेक्शन मिले। उनके मुताबिक दोनों ट्रांजेक्शन उनकी जानकारी के बिना हुए। ग्रीन गैस अधिकारी बनकर 7.08 लाख की ठगी साउथ सिटी निवासी भगवंत पांडेय के मुताबिक 17 अगस्त को उन्हें ग्रीन गैस कनेक्शन बंद होने का संदेश मिला। मैसेज में दिए नंबर पर संपर्क करने पर व्यक्ति ने खुद को ग्रीन गैस लिमिटेड का अधिकारी बताया। सीआरएन अपडेट करने के नाम पर 13 रुपए का भुगतान करने को कहा गया। भुगतान के प्रयास के दौरान ठग ने एक स्क्रीनशॉट भेजकर कनेक्शन वेरिफिकेशन का झांसा दिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर लगातार एसएमएस और ओटीपी आने लगे। कुछ ही देर में करंट अकाउंट से तीन बार करीब 2-2 लाख रुपए और आईसीआईसीआई के संयुक्त बचत खाते से 1.08 लाख रुपए निकाल लिए गए। दोनों खातों से कुल 7.08 रुपए की ठगी हुई। पीड़ित का आरोप है कि ठगों ने नेट बैंकिंग का पासवर्ड और बैंक में दर्ज ई-मेल आईडी भी बदल दी। मोबाइल हैक कर खाते से 1.87 लाख निकाले, Flipkart से 52 हजार की शॉपिंग चिनहट के कल्याणी विहार निवासी वीरपाल सिंह यादव ने शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल, डेबिट और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी हैक कर ली गई। उनका आरोप है कि एक नंबर से फॉरवर्ड कॉल के जरिए ओटीपी और फोन कॉल तक हैक किए गए। इसके बाद बैंक खाते से 1.87 लाख रुपए निकाल लिए गए। साथ ही एसबीआई क्रेडिट कार्ड से जुड़े फ्लिपकार्ट अकाउंट को हैक कर चार ट्रांजेक्शन में करीब 52 हजार रुपए की शॉपिंग की गई।
NPCI अधिकारी बनकर 15.47 लाख ऐंठे कृष्णानगर निवासी प्रियम भावनानी के मुताबिक 29 जुलाई को श्याम नारायण दुबे नाम के व्यक्ति ने फोन किया। उसने खुद को एनपीसीआई का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनकी पॉलिसी सरेंडर की रिक्वेस्ट आई है। झांसे में लेकर उनसे सीए यासीन के एक्सिस बैंक खाते में कुल 15,47,950 रुपये जमा करा लिए गए। बाद में उन्हें ठगी का पता चला। मामले में पहले ही शिकायत दर्ज कराई गई है और साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत की गई है। मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 2.03 लाख निकाले आलमबाग के सुजानपुरा निवासी देवेंद्र सिंह ने बताया कि 21 अगस्त की रात करीब 8:20 से 8:22 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा के पटेल नगर शाखा स्थित खाते से 2.03 लाख रुपए निकाल लिए गए। जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस मुकदमा दर्ज बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, ट्रांजेक्शन और डिजिटल लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

