हरदोई में गांधी भवन सभागार में बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और जिला प्रशासन की ओर से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने पात्र बुजुर्ग महिलाओं को योजना के स्मार्ट कार्ड वितरित किए। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चला। योजना का शुभारंभ राज्य मंत्री रजनी तिवारी, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज्य स्तरीय शुभारंभ संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त यात्रा ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। पात्र महिलाओं को स्मार्ट कार्ड के माध्यम से इस सुविधा का लाभ मिलेगा। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। राज्य मंत्री ने लाभार्थी बुजुर्ग महिलाओं को स्मार्ट कार्ड के साथ उपहार स्वरूप बैग प्रदान किए। बैग में साड़ी और मिठाई रखी गई थी। 27 से 29 अगस्त तक महिलाओं का मुफ्त सफर रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर 27, 28 और 29 अगस्त तक सभी महिलाओं, बेटियों और माताओं को रोडवेज और सिटी बसों में एक सहयात्री के साथ तीन दिनों तक निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा और सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा और उपहार की सुविधा सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाती है। इस दौरान कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अलका गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीप्ति भार्गव, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, यूपीएसआरटीसी हरदोई क्षेत्र के आरएम गौरव वर्मा, एसएम, एआरएम समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

