श्रावण मास की पूर्णिमा को 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा। भाई-बहन के अटूट प्रेम के इस पर्व के लिए राखियों का बाजार सज चुका है। इस वर्ष महंगाई के बावजूद खरीदारी का उत्साह बरकरार है। वहीं, डाकघर भी अवकाश के दिनों में विशेष सेवाएं दे रहा है ताकि बहनों की राखियां समय पर भाइयों तक पहुंच सकें। पोस्टमास्टर एल.एन. पारधी ने बताया कि प्रतिदिन दो से ढाई हजार राखियों को भेजने और वितरित करने का काम किया जा रहा है। बालाघाट से डेनमार्क, यूएस और यूएई के लिए भी राखी बुकिंग की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि बालाघाट संभाग में डाकघर रक्षाबंधन के लिए विशेष सेवाएं दे रहा है और पोस्टकर्मी पूरी लगन से बुकिंग, भेजने और वितरण के कार्य में जुटे हैं। राखी पोस्ट करने पहुंचे युवक यश ने भी अवकाश के दिनों में डाकघर की सेवाओं की सराहना की। बालाघाट के बाजारों में 10 रुपये से लेकर 300 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। दुकानदारों ने रक्षासूत्र से लेकर आकर्षक डिजाइनों की राखियां मंगाई हैं, जिन्हें खरीदने के लिए बहनें दुकानों पर पहुंच रही हैं। पिछले वर्ष की तुलना में राखियों की कीमतें भले ही 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ी हों, लेकिन इससे खरीदारी के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। खासकर बच्चों के लिए इस बार दुकानदारों ने टीवी कार्टून जैसे मोटू-पतलू, पांडा, छोटा भीम और अन्य लोकप्रिय किरदारों वाली राखियां भी मंगाई हैं। परिवार के साथ दुकान पर आने वाले बच्चे इन राखियों को खूब पसंद कर रहे हैं।

