शाहजहांपुर के गांधी भवन में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में वित्तमंत्री सुरेश खन्ना और सांसद अरुण सागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। योजना के तहत, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को परिवहन निगम की साधारण बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को एक सहयात्री के साथ 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक बसों में मुफ्त यात्रा करने की सुविधा भी दी जाएगी। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की माताओं और बहनों को दिया गया एक बड़ा उपहार बताया। खन्ना ने कहा कि ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ से प्रदेश की एक करोड़ से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो सकेंगी। अब बुजुर्ग माताएं बिना यात्रा व्यय की चिंता के तीर्थयात्रा कर सकेंगी और अपने परिजनों से मिलने के लिए निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। वित्त मंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत छह चरणों में 25 हजार रुपये दिए जा रहे हैं, जिससे अब तक लगभग 27 से 28 लाख बेटियां लाभान्वित हो चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ ही सब्सिडी, अनुदान और ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बड़े स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर ने 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने को मुख्यमंत्री का सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार माताओं और बहनों के हित में योजनाएं संचालित कर उन्हें लाभ पहुंचा रही है।

