सुल्तानपुर पहुंचे कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय शहर स्थित पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में बुधवार को आयोजित निशुल्क बस सेवा कार्यक्रम में भाग लिया। इसके बाद कलेक्ट्रेट में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने सपा और उसके ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर तीखा हमला बोला। मंत्री ने सपा के रुख और बयानों पर सवाल उठाते हुए उन्हें कटघरे में खड़ा किया। मनोज पांडेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी रोजाना अपने ‘पीडीए’ के मायने बदल रही है। उन्होंने एक लेखक के संदर्भ का जिक्र करते हुए बताया कि ‘पीडीए’ का अर्थ लिखते-लिखते डायरी भर गई, लेकिन अभी तक इसका पूरा अर्थ स्पष्ट नहीं हो पाया है। उन्होंने सपा के इस रुख को असमंजस पैदा करने वाला बताया और कहा कि सपा को पहले अपना स्टैंड स्पष्ट करना चाहिए। मंत्री ने सवाल उठाया कि एक महीने पहले सपा के आधिकारिक बयान में ब्राह्मणों को लेकर क्या कहा गया था और अब वे क्या कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी द्वारा 2027 के चुनाव में सरकार बनाने के दावों पर मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सपने देखने का अधिकार हर किसी को है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि विपक्ष ने सत्ता में रहते हुए गरीब, कमजोर, युवा और अन्नदाताओं (किसानों) के हित में काम किया होता, तो उन्हें सत्ता से बाहर नहीं होना पड़ता। बाजार में चीनी और प्याज जैसी आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों और महंगाई पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री ने सरकार का पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि सरकार बाजार की स्थितियों और कीमतों पर निरंतर कड़ी नजर बनाए हुए है। कृत्रिम किल्लत और जमाखोरी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर 200 से अधिक लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। आम जनता और गरीब परिवारों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए बाजार में आपूर्ति और कीमतों का नियंत्रण सुनिश्चित किया जा रहा है। मंत्री ने समाज में सामने आने वाली उन घटनाओं का भी जिक्र किया, जहाँ बच्चे अपने बुजुर्ग माता-पिता को बेसहारा या अलग कर देते हैं। उन्होंने बताया कि इस स्थिति से निपटने के लिए सरकार ने कड़े कानूनी प्रावधान लागू किए हैं, जिनके तहत बुजुर्ग माता-पिता के अधिकारों को पूरी तरह से सुरक्षित किया जाएगा। यहां पर डीएम इंद्रजीत सिंह, भाजपा एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

