बिजनौर में गुलदार पिंजरे में कैद, VIDEO:8-9 साल का नर गुलदार, स्थानीय लोगों को मिली राहत

बिजनौर में गुलदार पिंजरे में कैद, VIDEO:8-9 साल का नर गुलदार, स्थानीय लोगों को मिली राहत

बिजनौर के अफजलगढ़ क्षेत्र के अगवानपुर गांव में एक गुलदार वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। शिकार की तलाश में आया यह गुलदार किसान के खेत में फंसा, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गुलदार का रेस्क्यू किया और उसे आगे की कार्रवाई के लिए ले गई। यह घटना बिजनौर के अफजलगढ़ क्षेत्र के अगवानपुर गांव में बिरला फार्म चक रोड के पास किसान नायब सिंह के खेत में हुई। सुबह जब ग्रामीण खेतों पर काम करने गए, तो उन्हें पिंजरे से गुलदार की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर पता चला कि गुलदार पिंजरे में कैद हो चुका था। गुलदार के पकड़े जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से गुलदार को पीली डैम चौकी पहुंचाया। वन दरोगा सत्यवीर सिंह ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार नर है और उसकी उम्र लगभग आठ से नौ वर्ष है। यह पिंजरा 22 अगस्त को किसान नायब सिंह के खेत में लगाया गया था। इस दौरान वन रक्षक अंकित चौहान और मुजीबुर्रहमान सहित वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। बिजनौर जिले में पिछले काफी समय से गुलदार का आतंक जारी है। गुलदार के हमलों में अब तक तीन दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा, गुलदार सैकड़ों जानवरों का भी शिकार कर चुका है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए जिले भर में 120 से अधिक पिंजरे लगाए हैं और लोगों को जागरूक करने के अभियान भी चला रहा है। इन प्रयासों के बावजूद, गुलदार के हमले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द गुलदार के आतंक से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *