कन्नौज में विशाल कांवड़ यात्रा के दौरान बोर्डिंग ग्राउंड पर पुलिस और कांवड़ियों के बीच हुई झड़प और हंगामे के मामले में 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सदर कोतवाली में यह मुकदमा हाजी शरीफ चौकी प्रभारी दीपक कुमार की तहरीर पर दर्ज हुआ। इसमें हरदोई के बिलग्राम निवासी हिमांशु गुप्ता और कन्नौज के ग्वाल मैदान निवासी सुमित यादव को नामजद किया गया है, जबकि 7 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। हालांकि, हंगामे के दौरान एडीएम देवेंद्र कुमार और एएसपी अजय कुमार मौके पर पहुंचे थे। कांवड़ियों ने कोतवाल के निलंबन की मांग को लेकर यात्रा रोक दी थी। करीब ढाई घंटे तक चले हंगामे के बाद एडीएम और एएसपी ने मंच पर पहुंचकर कांवड़ियों और यात्रा समिति के सामने माफी मांगी। इसके बाद डीजे और झांकियों को मंदिर की ओर जाने की अनुमति दी गई और यात्रा आगे बढ़ सकी। 50 हजार कांवड़िए पहुंचे थे कन्नौज हरदोई जिले के बिलग्राम से सावन के एक विशेष दिन विशाल कांवड़ यात्रा कन्नौज आती है। इस दौरान करीब 40 से 50 हजार कांवड़िए अलग-अलग जत्थों में पहुंचकर बाबा गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक करते हैं। 21 अगस्त को भी करीब 50 हजार कांवड़िए कन्नौज पहुंचे थे। सबसे आखिर में मुख्य जत्था डीजे और झांकियों के साथ बोर्डिंग ग्राउंड पहुंचा। यहां से बाबा गौरीशंकर मंदिर की दूरी करीब 2 किलोमीटर है। पुलिस ने डीजे और झांकियों को आगे ले जाने से रोक दिया। इस पर कांवड़िए उन्हें मंदिर तक ले जाने की मांग पर अड़ गए। कोतवाल से झड़प के बाद यात्रा रोक दी डीजे और झांकियों को आगे ले जाने को लेकर कांवड़ियों की सदर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह से झड़प हो गई। कुछ कांवड़ियों ने पुलिस पर मारपीट करने के आरोप भी लगाए। इसके बाद कांवड़ियों ने बोर्डिंग ग्राउंड पर ही यात्रा रोक दी और सड़क जाम करने का प्रयास किया। मौके पर बड़ी संख्या में कांवड़िए जमा हो गए। करीब ढाई घंटे तक हंगामा चलता रहा। कांवड़िए कोतवाल के निलंबन की मांग करते हुए नारेबाजी करते रहे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीएम-एएसपी ने मंच से मांगी माफी, फिर आगे बढ़ी यात्रा हंगामा बढ़ने के बाद एडीएम देवेंद्र कुमार और एएसपी अजय कुमार कांवड़ियों के बीच पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने कांवड़ियों और यात्रा समिति के मंच पर पहुंचकर माफी मांगी। इसके बाद डीजे और झांकियों को मंदिर की ओर ले जाने की अनुमति दी गई। समझौते के बाद कांवड़ यात्रा दोबारा शुरू हो गई और कांवड़िए बाबा गौरीशंकर मंदिर की ओर रवाना हुए। इसके बाद मौके पर स्थिति सामान्य हो गई। चौकी प्रभारी की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा घटना के बाद सदर कोतवाली पुलिस ने हंगामा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। हाजी शरीफ चौकी प्रभारी दीपक कुमार की तहरीर पर दर्ज एफआईआर में हिमांशु गुप्ता निवासी बिलग्राम, हरदोई और सुमित यादव निवासी ग्वाल मैदान, कन्नौज को नामजद किया गया है। इसके अलावा 7 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर हंगामे में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

