कंगना रनौत के बयान पर भड़की सपा, रविदास मेहरोत्रा बोले- ‘कपड़ों पर टिप्पणी करना शर्मनाक’

कंगना रनौत के बयान पर भड़की सपा, रविदास मेहरोत्रा बोले- ‘कपड़ों पर टिप्पणी करना शर्मनाक’

UP election 2027: लखनऊ में सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा का विकल्प सिर्फ समाजवादी पार्टी है। विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। जनता ने मन बना लिया है कि सपा की सरकार बनानी है और प्रदेश का सीएम अखिलेश यादव को बनाना है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता चाहते हैं कि इंडिया गठबंधन की अगुवाई अखिलेश यादव करें। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को मुख्य मुद्दों से भटकाना चाहती है। लेकिन, हम ऐसा नहीं होने देंगे, जनता से जुड़े मुद्दों को हम उठाएंगे।

कांग्रेस पर भी कसा तंज

इसी बीच, उन्होंने कांग्रेस पर भी तंज कसते हुए कहा कि गठबंधन धर्म का पालन कांग्रेस को करना चाहिए। उन्होंने साल 2017 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस ने गठबंधन धर्म का पालन किया होता तो शायद वे चुनाव नहीं हारते।

कंगना रनौत की टिप्पणी पर तीखा पलटवार

अभिनेत्री कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन की स्टाइलिंग पर भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयान पर सपा नेता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि यूपी की एक बेटी जो एक कलाकार भी है, वह विज्ञापन में अपने भाई को अपने घर के अंदर राखी बांध रही है, और किसी भी बहन को, जो अपने भाई को राखी बांध रही हो, उसके ड्रेस के बारे में अगर कोई महिला बोलती है, यह बहुत शर्मनाक बात है। भाजपा की सांसद कंगना रनौत सिर्फ अनर्गल बयान देने का काम करती हैं।

राम रहीम की पैरोल पर सरकार को घेरा

राम रहीम की पैरोल पर सपा नेता ने कहा कि राम रहीम रेप केस में जेल के अंदर बंद हैं। उनको सजा हुई है, लेकिन उन्हें 36 बार पैरोल दी गई है। इससे स्पष्ट हो गया है कि सरकार बलात्कारियों के साथ खड़ी है। उसे बचाने का काम हो रहा है, उसे जेल से छुड़ाने का काम हो रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि चीनी के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई, उसके बाद गुड़ महंगा हो गया, उसके बाद प्याज महंगा हो गया है, और दैनिक उपयोग की जो वस्तुएं हैं, उन सब के दामों में वृद्धि हो रही है। भाजपा की सरकार में कालाबाजारी हो रही है, और चीनी को ब्लैक में बेचने का काम हो रहा है, और 20 दिन के अंदर 20 रुपए प्रति किलो चीनी का दाम बढ़ा है। यह भाजपा सरकार की असफलता का प्रतीक है।

हिजाब को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले पर सपा नेता ने कहा कि हम लोग हाई कोर्ट के निर्णय का सम्मान करते हैं, लेकिन मुझे ऐसा लगता है कि हाई कोर्ट ने दोनों पक्षों की बात नहीं सुनी। अब लोग सुप्रीम कोर्ट जाएंगे, और सुप्रीम कोर्ट जो आदेश करेगा, सब लोगों को उसका सम्मान करना चाहिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *