अयोध्या जिले में बारावफात के त्योहार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 225 स्थानों पर जुलूस निकाले जाने की तैयारी है। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर हैं, और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस टीमें क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। मंगलवार देर शाम से ही बारावफात के कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। कई स्थानों पर मेले भी लगाए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी कर रहे हैं। बच्चे झूलों और अन्य मनोरंजन के साधनों का आनंद ले रहे हैं। बाजारों, मस्जिदों और घरों को झंडियों व रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। ईशा की नमाज के बाद मस्जिदों, मदरसों और मोहल्लों में महफिल-ए-मिलाद और नात ख्वानी का आयोजन किया गया। नातें पढ़ी जा रही है और पैगंबर मोहम्मद की सीरत पर तकरीरें हो रही है। कई लोगों ने रात में इबादत, दुरूद-ए-पाक और दुआ में समय बिताएंगे। दिन में निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। रुदौली कोतवाली, कुमारगंज, खंडासा, रौनाही, बाबा बाजार, मवई, पटरंगा, गोसाईगंज, पूराकलंदर और इनायतनगर थाना क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। रुदौली नगर में संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात है। कोतवाल संजय मौर्य पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य शांतिपूर्ण माहौल में बारावफात का त्योहार संपन्न कराना है।

