Mahtari Vandan Yojana: CM विष्णु देव साय ने 67 लाख महिलाओं को भेजे 631 करोड़

Mahtari Vandan Yojana: CM विष्णु देव साय ने 67 लाख महिलाओं को भेजे 631 करोड़

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को प्रदेश की 67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बालोद जिले के डौंडीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 67,28,918 हितग्राहियों के खातों में कुल 631.38 करो़ड़ से अधिक रुपये अंतरित किए।

इन लाभार्थियों में बालोद जिले की 2.45 लाख से अधिक महिलाएं शामिल हैं। साय ने बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम बधाई देते हुए कहा, ‘‘हमारी माताओं-बहनों के चेहरे पर मुस्कान, उनका आत्मविश्वास और उनका आशीर्वाद ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए सरकार ने सितंबर की किस्त भी 25 अगस्त को ही जारी करने का निर्णय लिया, ताकि त्योहार की खुशियां और बढ़ें। उन्होंने कहा, ‘‘महतारी वंदन योजना केवल प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता नहीं बल्कि इसने महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का नया भाव उत्पन्न किया है।’’
साय ने कहा कि महिलाएं इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य, पोषण, बच्चों की शिक्षा, बचत और छोटे व्यवसाय जैसी जरूरतों के लिए कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं के खातों में करीब 20 हजार करोड़ रुपये अंतरित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस दौरान योजना की पांच हितग्राही महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभव सुने। महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि योजना की नियमित राशि से उनकी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के साथ उन्हें आर्थिक निर्णय लेने का आत्मविश्वास भी मिला है। समारोह में मुख्यमंत्री ने बालोद जिले के लिए करीब 102 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *