देवास में भाजपा पार्षदों ने मंगलवार दोपहर शहर के प्रमुख बस स्टैंड का निरीक्षण किया। करीब एक घंटे चले निरीक्षण में अतिक्रमण, गंदगी और अव्यवस्था मिली। इसे लेकर पार्षदों ने नाराजगी जताई। बस स्टैंड में कई जगह अतिक्रमण मिला। महिला यात्रियों के प्रतीक्षालय में भी अतिक्रमण था। वहां गंदगी के साथ मवेशी भी मिले। पार्षदों ने इस स्थिति को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि महिला यात्रियों के लिए बनी जगह में ऐसी व्यवस्था नहीं होनी चाहिए। बस स्टैंड परिसर में ट्रैफिक पुलिस के बैरिकेड्स और दूसरी सामग्री भी इधर-उधर पड़ी थी। इससे यात्रियों और वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो रही थी। पार्षदों ने मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से व्यवस्था सुधारने को कहा। नगर निगम आयुक्त को बताएंगे समस्या भाजपा पार्षद अजय तोमर ने कहा कि शहर की व्यवस्था बेहतर करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय बस स्टैंड शहर का प्रमुख प्रवेश द्वार होता है। इसलिए यहां साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था जरूरी है। तोमर ने कहा कि निरीक्षण में मिली समस्याओं की जानकारी नगर निगम आयुक्त को दी जाएगी। इसमें अतिक्रमण, गंदगी, महिला प्रतीक्षालय की स्थिति और ट्रैफिक सामान का बिखरा होना शामिल है। उन्होंने अतिक्रमण हटाने और व्यवस्था सुधारने की मांग करने की बात कही।

