नगर निगम चुनाव को लेकर उदयपुर शहर में कांग्रेस कार्यालयों में मंगलवार को भीड़ रही। शहर और देहात दोनों के कांग्रेस कार्यालय में दावेदारों ने अपनी ताकत दिखाई। प्रोफाइल आगे कर टिकट मांगा। इधर, कांग्रेस की महिला दावेदारों ने भी एक साथ महिला विंग की मुखिया के साथ प्रभारियों के सामने टिकट के लिए अपने आवेदन दिए। शास्त्री सर्कल स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय में शहर अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ को बड़ी संख्या में वार्डों से आए दावेदारों ने टिकट की मांग की। सुंदरवास, हिरणमगरी, गोवर्धन विलास सहित अलग-अलग इलाकों से कई समर्थक वहां पर पहुंचे। टिकट के लिए अपना आवेदन दिया। देहात कांग्रेस अध्यक्ष ने वार्ड प्रभारियों से लिया फीडबैक आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर उदयपुर देहात जिला कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने सूरजपोल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में नगर निगम के वार्डों में लगाए गए प्रभारियों से वन टू वन समीक्षा की। इस दौरान प्रभारियों से पिछले दिनों वार्डों में जाकर वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से किए गए संवाद की जानकारी ली गई। साथ ही वार्डवासियों से संपर्क और समन्वय को लेकर भी फीडबैक लिया गया। बैठक में निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं के नाम भी लिए गए। कांग्रेस की महिला दावेदारों ने पेश की दावेदारी आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर उदयपुर शहर महिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में इच्छुक महिला प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों, महिला भागीदारी और संभावित दावेदारों को लेकर चर्चा की गई। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारीका भानुप्रताप सिंह ने बताया- बैठक में उदयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं उदयपुर शहर-ग्रामीण प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं शहर-ग्रामीण सह प्रभारी डिम्पल राठौड़ और उदयपुर शहर विधानसभा प्रभारी राजपाल सिंह मौजूद रहे। पार्षद पद की इच्छुक महिला दावेदारों ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत करते हुए प्रभारी नेताओं को आवेदन सौंपे। बैठक में शहर महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष नेहा कुमावत, ब्लॉक अध्यक्ष महिमा चौक, संगठन महामंत्री कौशल प्रवीण, प्रदेश महासचिव हितांशी शर्मा सहित शहर जिला कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह और संगठन महामंत्री अरुण तक भी उपस्थित रहे। पंचायत टास्क फोर्स के पोस्टर का विमोचन कांग्रेस पार्टी के पंचायत टास्क फोर्स के नेशनल कॉर्डिनेटर अर्जुन मिश्रा ने शहर कांग्रेस कार्यालय में इस अभियान की जानकारी दी। पंचायत टास्क फोर्स के पोस्टर का शहर अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ और अन्य ने विमोचन किया। मिश्रा ने कहा कि पंचायत टास्क फोर्स के माध्यम से ब्लॉक से लेकर ढाणी स्तर तक युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा। इसमें पढ़े-लिखे और सक्रिय युवाओं को चिन्हित कर उन्हें संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी।
शर्मा ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया
नगर निगम चुनाव के बीच आ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने तारा संस्थान वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान तारा संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपेश मित्तल भी मौजूद रहे। शर्मा ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनके जीवन के अनुभव सुने। जैन समाज ने निकाय चुनाव में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मांगा सकल जैन समाज की प्रतिनिधि संस्थान महावीर जैन परिषद के तत्वावधान में सकल जैन समाज की बैठक 100 फीट रोड स्थित शुभकेसर गार्डन में सकल जैन समाज के अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत के मुख्य आतिथ्य एवं दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष शांतिलाल वेलावत की अध्यक्षता में हुई। उक्त बैठक में फत्तावत ने कहा कि उदयपुर नगर निगम चुनाव में दोनों प्रमुख दलों भारतीय जनता पार्टी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्षों से 80 वार्डों में जैन समाज के प्रतिनिधियों को पार्षद प्रत्याशी के रूप में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाए। बैठक में कोषाध्यक्ष कुलदीप नाहर, नरेंद्र सिंघवी, यशवंत आंचलिया, अशोक शाह, किरण जैन, कुंतीलाल जैन, विनोद भोजावत, नीतूल चंडालिया, अजय पोरवाल, निर्मल पोखरना, अरुण मांडोत, भंवर सेठ, पारस चित्तौड़ा, गजेन्द्र भंसाली, दिलीप जारोली, मनीष गलूंडिया, आकाश वागरेचा, आर सी मेहता, श्याम नागौरी, चंद्र प्रकाश चोरडिया, गजेंद्र सामर, विजयलक्ष्मी गलूंडिया, महेन्द्र तलेसरा आदि मौजूद रहे।
नगर निगम चुनाव से जुड़ी ये खबरें भी पढ़े… वार्ड महिला के लिए रिजर्व, पत्नियों के नाम आगे किए:उदयपुर में भाजपा-कांग्रेस में माथापच्ची, कुछ वार्डों में बढ़े दावेदार उदयपुर विधायक ने खांजीपीर-आयड़ को बताया ‘मिनी पाकिस्तान’:कहा- यह इलाका अपराधियों की शरणस्थली, पिछले 10 साल में 25 प्रतिशत अपराध

