‘मेरी बेटी के लिए मैं किसी भी हद तक जा सकती हूं’, तापसी पन्नू ने बताया क्यों चुनी ‘गांधारी’

‘मेरी बेटी के लिए मैं किसी भी हद तक जा सकती हूं’, तापसी पन्नू ने बताया क्यों चुनी ‘गांधारी’

Gandhari Traile: तापसी पन्नू जल्द ही एक अलग तरह के एक्शन अवतार में नजर आने वाली हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘गांधारी’ का ट्रेलर आज मंगलवार को मुंबई में एक इवेंट के दौरान लॉन्च किया गया। देवाशीष मखीजा के निर्देशन में बनी ये फिल्म एक ऐसी मां की कहानी है, जो अपनी बेटी को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। ट्रेलर लॉन्च के दौरान तापसी ने फिल्म चुनने की वजह से लेकर अपने किरदार की तैयारी तक कई बातें शेयर कीं।

कम दिखाई देने वाली महिला का किरदार निभा रहीं तापसी

गांधारी‘ में तापसी एक ऐसी महिला का किरदार निभा रही हैं, जिसे कम दिखाई देता है। किरदार को पर्दे पर स्वाभाविक तरीके से निभाने के लिए उन्होंने एक कम दिखाई देने वाले व्यक्ति के साथ काम किया और उनकी रोजमर्रा की बॉडी लैंग्वेज को समझने की कोशिश की। तापसी ने बताया कि उन्होंने यह समझने पर काम किया कि ऐसे व्यक्ति के लिए चलने का तरीका कैसा होता है, कितनी परछाई दिखाई दे सकती है, इससे उन्हें अपने किरदार की बॉडी लैंग्वेज पर ध्यान देने में मदद मिली।

एक्ट्रेस के मुताबिक, फिल्म में ये भी दिखाया जाएगा कि उनके किरदार का कम दिखाई देना किस तरह उसके लिए मददगार साबित होता है और वह उसकी जिंदगी का किस हद तक हिस्सा बना रहता है।

‘बेबी’ और ‘नाम शबाना’ के बाद मिली अलग एक्शन कहानी

तापसी ने बताया कि राइटर-प्रोड्यूसर कनिका ढिल्लन उन्हें पहले से जानती थीं और उन्हें पता था कि ‘बेबी’ और ‘नाम शबाना’ के बाद वह एक्शन फिल्म करने के लिए तैयार थीं। हालांकि, इस प्रोजेक्ट को चुनने की सबसे बड़ी वजह इसकी अलग कहानी थी। तापसी ने ये भी कहा कि उन्हें यह बात आकर्षित कर गई कि ‘गांधारी’ में वह ऐसा कुछ करने जा रही थीं, जो उनके पहले के काम से काफी अलग था।

‘मेरे कैरेक्टर को मार्शल आर्ट्स का कोई आइडिया नहीं’

तापसी के मुताबिक, ‘गांधारी’ का एक्शन सिर्फ स्टंट या लड़ाई तक सीमित नहीं है। फिल्म में एक्शन उनके किरदार के इमोशंस से जुड़ा हुआ है।उन्होंने बताया कि उनके किरदार को मार्शल आर्ट्स की कोई जानकारी नहीं है। उसकी सबसे बड़ी ताकत सिर्फ एक मां होना और अपनी बेटी के लिए किसी भी हद तक जाने का जज्बा है। यही वजह है कि फिल्म का एक्शन भी उसके इमोशंस से निकलता है। तापसी ने कहा कि उनके लिए कहानी की खूबसूरती इसी बात में है कि दर्शकों को किरदार का एक्शन उसके जज्बातों के जरिए देखने को मिलेगा।

मां बनने के बाद बदल गईं कनिका ढिल्लन

फिल्म की कहानी के पीछे मदरहुड की सोच भी अहम है। कनिका ढिल्लन ने बताया कि मां बनने के बाद एक लेखक के तौर पर उनका नजरिया काफी बदल गया। उन्होंने अपने बेटे से जुड़ा एक अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब उनका बेटा छोटा था और वह उसे इंजेक्शन लगवाने अस्पताल ले गई थीं, तब उनके मन में बच्चे को खो देने का डर पैदा हो गया था। कनिका ने बताया कि प्रेग्नेंसी के दौरान वह बच्चों के अपहरण और अस्पतालों से बच्चों के किडनैप होने से जुड़े मामलों पर रिसर्च भी कर रही थीं।

इसी वजह से अस्पताल में बेटे को इंजेक्शन लगवाते समय उन्हें डर लगा और उन्होंने अपनी बहन से डॉक्टर के पीछे जाकर बच्चे को वापस लाने तक की बात कह दी। कनिका के मुताबिक, इसी तरह के डर और भावनाओं ने उन्हें यह महसूस कराया कि एक मां अपने बच्चे को बचाने के लिए किस हद तक जा सकती है। दरअसल, ‘गांधारी’ में तापसी पन्नू के अलावा इश्वाक सिंह, छाया कदम, मीता वशिष्ठ और जतिन सरना भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन देवाशीष मखीजा ने किया है। ये एक्शन थ्रिलर 3 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *