आगरा-झांसी रेलवे ट्रैक पर सैंया कस्बे के पास मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे के एफएमआई विभाग में अवर अभियंता (जेई) के पद पर कार्यरत मनोज सैनी ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनके दोनों पैर कट गए। अब पढ़िए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मनोज सैनी शाम करीब 5:30 बजे जाजऊ रेलवे स्टेशन के पास ब्लॉक लेकर मशीन से नीचे उतरे थे। इसके बाद वह डाउन ट्रैक पर पैदल चल रहे थे। इसी दौरान भाड़ई की ओर से आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दोनों पैर कट कर अलग हो गए। हादसे के समय ट्रैक के पास काम कर रहे रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल 112 पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सैंया पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और घायल मनोज सैनी को तत्काल सीएचसी सैंया पहुंचाया। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एसएन हॉस्पिटल, आगरा रेफर कर दिया। बताया गया है कि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटाई।

