मथुरा में 229 अवैध होर्डिंग्स हटाए गए:जन्माष्टमी से पहले नगर निगम ने चलाया अभियान, कार्रवाई जारी

मथुरा में 229 अवैध होर्डिंग्स हटाए गए:जन्माष्टमी से पहले नगर निगम ने चलाया अभियान, कार्रवाई जारी

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व से पहले मंगलवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने अवैध होर्डिंग्स, पोस्टर और बैनर हटाने का अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त ओजस्वी राज के निर्देश पर टीमें मथुरा और वृंदावन क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई कर रही हैं। मंगलवार को मथुरा में औरंगाबाद से टाउनशिप तक अभियान चलाकर 42 अवैध होर्डिंग्स हटाए गए, जिनमें पांच बड़े और 37 छोटे होर्डिंग्स शामिल थे। इसी दिन वृंदावन में मायावती से अटला चुंगी चौराहा और रमणरेती पुलिस चौकी तक 57 छोटे-बड़े अवैध होर्डिंग्स एवं बैनर हटाए गए। इससे पहले सोमवार, 24 अगस्त को भी नगर निगम की टीमों ने कार्रवाई की थी। वृंदावन में पापड़ी चौराहा से प्रेम मंदिर मल्टीलेवल कार पार्किंग, छटीकरा तक चलाए गए अभियान में 108 अवैध होर्डिंग्स हटाए गए। मथुरा क्षेत्र में 22 अवैध होर्डिंग्स हटाए गए थे। नगर निगम के अनुसार, सोमवार और मंगलवार की कार्रवाई में कुल 229 अवैध होर्डिंग्स और विज्ञापन पट हटाए जा चुके हैं। जन्माष्टमी महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिसके मद्देनजर शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति विज्ञापन लगाने वाले संस्थानों और प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा, और आवश्यकता पड़ने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। निगम ने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों और नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति विज्ञापन सामग्री न लगाने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *