देवास जिला अस्पताल में अब संक्रमण की जांच की सुविधा बढ़ गई है। मंगलवार को कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नई माइक्रोबायोलॉजी लैब का उद्घाटन किया। इस लैब में अब कल्चर और सेंसिटिविटी टेस्ट किए जा सकेंगे। इससे मरीजों को इन जांचों के लिए निजी लैब नहीं जाना पड़ेगा। नई लैब से खासकर छोटे बच्चों में होने वाले संक्रमण की सही पहचान में मदद मिलेगी। जांच के आधार पर डॉक्टर मरीज का इलाज तय कर सकेंगे। अब तक जिला अस्पताल में कल्चर टेस्ट की सुविधा नहीं थी। मरीजों के नमूने जांच के लिए निजी लैब भेजे जाते थे। इन जांचों पर रोगी कल्याण समिति के बजट से हर साल करीब 1 लाख रुपए खर्च होते थे। अब जांच अस्पताल में ही होगी। इससे रिपोर्ट मिलने में समय भी कम होगा। अस्पताल में ही होगी जांच सिविल सर्जन डॉ. आरपी परमार ने बताया कि सरकार की योजना के तहत हर जिले में पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री जांच की सुविधाओं को एक जगह लाया जा रहा है। नई लैब में कल्चर और सेंसिटिविटी टेस्ट किए जाएंगे। लैब के जरूरी उपकरण कलेक्टर के निर्देश पर रेडक्रॉस के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं। डॉ. परमार ने बताया कि निजी लैब में जांच भेजने पर होने वाला खर्च भी बचेगा। इस राशि का इस्तेमाल अस्पताल की दूसरी जरूरी सुविधाओं और मरीजों की जरूरतों में किया जा सकेगा। अस्पताल की निगरानी के लिए रोज अधिकारी तैनात कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल की व्यवस्था और प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल की निगरानी के लिए रोज एक कार्यपालिक दंडाधिकारी की तैनाती भी की गई है। अब जानिए कल्चर जांच क्या है… डॉक्टर अखिलेश तिवारी ने मुताबिक मरीज के शरीर से लिए गए सैंपल जैसे खून, पेशाब, थूक या अन्य नमूने की जांच की जाती है। इससे पता चलता है कि संक्रमण किस बैक्टीरिया या सूक्ष्मजीव के कारण हुआ है। यानी बीमारी के पीछे जिम्मेदार संक्रमण की पहचान होती है। सेंसिटिविटी जांच क्या है ? क्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया की अलग-अलग एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति प्रतिक्रिया जांची जाती है। इससे पता चलता है कि कौन-सी एंटीबायोटिक मरीज के संक्रमण पर सबसे ज्यादा असर करेगी और कौन-सी दवा प्रभावी नहीं होगी। डॉक्टर तिवारी ने बताया कि इस जांच से डॉक्टरों को संक्रमण के अनुसार सही एंटीबायोटिक चुनने में मदद मिलेगी, जिससे अनावश्यक या गलत एंटीबायोटिक के इस्तेमाल से बचाव होगा और इलाज ज्यादा सटीक हो सकेगा।

