गोंडा के कैसरगंज से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने योग गुरु बाबा रामदेव पर तीखा हमला बोला है। सोमवार देर शाम करीब 6 बजे मीडिया से बातचीत में सांसद ने कहा, “बाबा रामदेव से बड़ा कोई एक्टर नहीं होगा।” उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव को अच्छी तरह पता है कि कब कैसे बात करनी है, कब क्या गेम खेलना है और किसके साथ जाना है। करण भूषण सिंह के इस बयान का वीडियो मंगलवार सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सांसद ने बाबा रामदेव की गतिविधियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि योग गुरु होने के बावजूद उनकी कई वीडियो में उन्हें कुश्ती लड़ते, कूदते और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ अलग-अलग गतिविधियां करते देखा जा सकता है। उन्होंने बाबा रामदेव को “सब गुण संपन्न” भी बताया। पतंजलि के उत्पादों पर भी साधा निशाना पतंजलि के उत्पादों के इस्तेमाल को लेकर भी करण भूषण सिंह ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “एक को भी इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, सब मिलावटी हैं।” सांसद ने बड़े नेताओं और अधिकारियों को चुनौती देते हुए कहा कि वे पतंजलि के टूथपेस्ट, दवा या घी का इस्तेमाल करते हुए अपनी सेल्फी सोशल मीडिया पर पोस्ट करें। सतीश महाना के वायरल वीडियो पर भी बोले सांसद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के वायरल वीडियो पर भी प्रतिक्रिया दी। करण भूषण सिंह ने कहा कि उन्होंने यह वीडियो सोमवार को ही देखा है। उन्होंने इसे गलती मानते हुए कहा कि संभव है कि उस समय महाना का ध्यान नहीं रहा हो या वह किसी सोच में पड़े हों। ‘बाद में बताया गया होगा तो चिंता हुई होगी’ करण भूषण सिंह ने कहा कि जब बाद में उन्हें इस बारे में बताया गया होगा तो उन्हें काफी चिंता हुई होगी। उन्होंने दोहराया कि इसे एक गलती के तौर पर देखा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं के दिमाग में एक साथ कई चीजें चलती रहती हैं। पिता भी बाबा रामदेव पर साधते रहे हैं निशाना बाबा रामदेव को लेकर करण भूषण सिंह के बयान को उनके पिता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के पुराने बयानों से जोड़कर देखा जा रहा है। बृजभूषण शरण सिंह भी कई मौकों पर बाबा रामदेव पर निशाना साध चुके हैं। अब उनके बेटे के बयान से यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि, करण भूषण सिंह के इस बयान पर अभी तक बाबा रामदेव की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

