सबौली के सरकारी स्कूल से 18 अगस्त को लापता हुए 10वीं कक्षा के छात्र विशाल की 22 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव स्कूल से कुछ दूरी पर स्थित व्यायामशाला में झूले पर फंदे से लटका मिला था। अब सामने आया है कि स्कूल में एक छात्र की कापी चोरी होने के विवाद के बाद टीचर ने विशाल और उसके एक सहपाठी को दो-दो थप्पड़ मारे थे और परिजन को बुलाकर लाने के लिए स्कूल से भेज दिया था। इसके बाद विशाल घर नहीं पहुंचा। परिजन ने 20 अगस्त को कुंडली थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। चार दिन बाद उसका शव मिलने से पुलिस की जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजन शव की परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने सोमवार को टीचर और कई सहपाठियों को थाने बुलाकर पूछताछ की है। वहीं जिला शिक्षा विभाग ने भी घटना की रिपोर्ट तैयार की है। कापी चोरी का आरोप लगा तो टीचर ने मारे दो-दो थप्पड़ स्कूल प्रिंसिपल डॉ. तेजवीर खोखर के अनुसार, 18 अगस्त को लंच ब्रेक के दौरान 10वीं कक्षा के एक छात्र ने क्लास टीचर रेनु को अपनी कापी गायब होने की शिकायत दी थी। छात्र ने आरोप लगाया कि विशाल और एक अन्य छात्र ने उसकी कापी चुराई है। कापी विशाल के बैग से मिलने की बात भी सामने आई। इस पर विवाद बढ़ गया और शिकायतकर्ता छात्र ने विरोध किया तो विशाल व उसके साथ मौजूद छात्र ने उसकी गर्दन पकड़ ली।
मामले की शिकायत मिलने पर टीचर ने विशाल और दूसरे छात्र को दो-दो थप्पड़ मारे और दोनों को अपने परिजन को बुलाकर लाने के लिए स्कूल से भेज दिया। इसके बाद विशाल स्कूल से निकल गया, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। सीसीटीवी में बारोटा की ओर जाता दिखाई दिया पुलिस जांच में सामने आया है कि स्कूल से निकलने के बाद विशाल घर की तरफ जाने के बजाय विपरीत दिशा में अकबरपुर बारोटा की ओर गया था। सबौली गांव के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी वह जाता हुआ दिखाई दिया है। हालांकि पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा पाई है कि स्कूल से निकलने के बाद चार दिनों तक विशाल कहां रहा और किसके संपर्क में था।
यही बिंदु अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बना हुआ है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि 18 अगस्त को स्कूल से निकलने के बाद विशाल किन लोगों के संपर्क में आया और वह चार दिन तक कहां रहा। स्कूल ड्रेस की पेंट की जगह लोअर, जूते में फीते भी नहीं परिजन ने विशाल की मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब वह स्कूल से निकला था तो स्कूल ड्रेस में था। उसकी शर्ट और पेंट पहने हुए थे, जबकि शव मिलने के समय पेंट की जगह लोअर मिला। उसके पैरों में जूते थे, लेकिन जूतों में फीते नहीं थे। परिजन के अनुसार, जिस झूले पर विशाल का शव फंदे से लटका मिला, वहां उसके पैर जमीन को छू रहे थे। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं और पूरे मामले की गहन जांच की मांग कर रहे हैं।
20 अगस्त को दर्ज कराई थी गुमशुदगी, 22 को मिला शव विशाल के पिता प्रमोद, जो गांव नाथूपुर में किराये पर रहते हैं, ने कुंडली पुलिस को शिकायत दी थी कि उनका बेटा और बेटी सबौली के सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। 18 अगस्त को विशाल घर से स्कूल गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। परिजन ने 20 अगस्त को पुलिस में विशाल की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके दो दिन बाद 22 अगस्त को उसका शव स्कूल से कुछ दूरी पर स्थित व्यायामशाला में झूले पर फंदे से लटका मिला। शव मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया और पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठने लगे। टीचर और सहपाठियों से थाने में पूछताछ विशाल की मौत के मामले में पुलिस ने सोमवार को उसकी क्लास की टीचर और कई सहपाठियों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। सहपाठी अपने परिजन के साथ थाने पहुंचे। पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया गया। पुलिस स्कूल में हुए घटनाक्रम और विशाल के स्कूल से निकलने के बाद की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त को विशाल की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद टीचर चार दिन की छुट्टी पर चली गई थी। इस दौरान वह किसी का फोन नहीं उठा रही थी। सोमवार को उसकी छुट्टी समाप्त हो गई। पुलिस मंगलवार को उसे दोबारा पूछताछ के लिए बुला सकती है। चार दिन तक कहां रहा विशाल, पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 18 अगस्त को स्कूल से निकलने के बाद विशाल चार दिनों तक कहां रहा। सीसीटीवी में उसके बारोटा की तरफ जाने की पुष्टि हुई है, लेकिन इसके बाद उसकी लोकेशन और संपर्क में आए लोगों के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस स्कूल में कापी चोरी के विवाद, टीचर द्वारा की गई कार्रवाई, विशाल के स्कूल से निकलने के बाद की गतिविधियों और शव मिलने की परिस्थितियों को जोड़कर जांच कर रही है। जिला शिक्षा अधिकारी बोले- पुलिस पता करे, चार दिन कहां रहा जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने बताया कि विशाल और उसके एक सहपाठी पर कक्षा में कापी चोरी का आरोप लगा था। इसके बाद दोनों को अपने परिजन को बुलाकर लाने के लिए कहा गया था। इसके बाद विशाल स्कूल से लापता हो गया। उन्होंने कहा कि अब पुलिस को यह पता लगाना चाहिए कि विशाल स्कूल से निकलने के बाद चार दिन तक कहां और किसके पास रहा। साथ ही उसकी मौत के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी भी जांच की जानी चाहिए।

