आंध्र प्रदेश के काकीनाडा से वांछित मेरठ से गिरफ्तार:हत्या करने, एक ही परिवार के तीन लोगों को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

आंध्र प्रदेश के काकीनाडा से वांछित मेरठ से गिरफ्तार:हत्या करने, एक ही परिवार के तीन लोगों को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

मेरठ पुलिस ने आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले से हत्या और एक ही परिवार के तीन लोगों की आत्महत्या के मामले में फरार आरोपी शूटिंग कोच शेख सादिक खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी को इस घटना के बाद से राजमहेंद्रवरम और काकीनाडा पुलिस तलाश कर रही थी। आरोपी यहां छिपने के लिए आया था लेकिन पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस बड़ी सफलता के लिए आंध्र प्रदेश पुलिस ने मेरठ पुलिस का आभार जताया है। बताया जाता है कि तीन सुसाइड व एक हत्या के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया था। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री खुद इन केसों की निगरानी कर रहे थे। पहले विस्तार से पढ़ें पूरा मामला
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के पिथापुरम मंडल में पंचायत राज विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के तौर पर काम करने वाले 61 वर्ष के नूका राजू ने 16 अगस्त की रात राजमहेंद्रवरम शहर में रोड-कम-रेल ब्रिज से अपनी पत्नी 58 वर्षीय मीना, 38 वर्षीय बेटी सौजन्या और 10 वर्ष के पोते कार्तिकेय रेड्डी के साथ गोदावरी नदी में छलांग लगा दी थी। कार्तिकेय बेहोशी की हालत में टापू पर मिला, जिसे मछुआरों ने बचा लिया। सोमवार को स्टेट डिजास्टर रिस्पान्स फोर्स ने नूका राजू व अन्य लोगों के शवों को बरामद कर लिया। सुसाइड नोट से खुली आत्महत्या की वजह
आंध्र प्रदेश पुलिस एक ही परिवार के तीन लोगों द्वारा की गई इस आत्महत्या की वजह तलाशने में जुट गई। कार की तलाशी के दौरान पुलिस को उस परिवार का सुसाइड नोट हाथ लग गया, जिसे पढ़कर सब सन्न रह गए। तीनों के द्वारा यह कदम सादिक खान नाम के युवक के उकसाने पर उठाया था जिनके यहां नूका राजू का पोता कार्तिकेय शूटिंग सीखा करता था। दरअसल, सादिक खान काकीनाडा में शूटिंग अकादमी चलाता था। वह नूका राजू की बेटी सौजन्या के पति जगदीश रेड्डी की मौत के बाद उसे परेशान करने लगा था। डीएम-एसपी को संबोधित था सुसाइड नोट
परिवार सादिक से बेहद परेशान हो चुका था। सादिक तरह तरह से उस परिवार को नुकसान पहुंचा रहा था। उसने नूका राजू व कार्तिकेय को मारने की धमकी दे दी थी। मरने से पहले परिवार ने डीएम-एसपी को संबोधित सुसाइड नोट तैयार किया और कार में छोड़ दिया। इस सुसाइड नोट के हाथ लगने के बाद ही पूरे मामले की वजह साफ हो सकी। इसी के आधार पर पुलिस ने सादिक खान के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 यानि आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया। सौजन्या के ससुर ने कराया हत्या का मुकदमा
इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद जगदीश रेड्डी के पिता भास्कर रेड्डी भी सामने आ गए। उन्होंने सादिक खान पर अपने बेटे जगदीश रेड्डी की हत्या करने का आरोप लगा दिया। उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को उनके बेटे को जहरीला इंजेक्शन इंजेक्ट किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। अपने पोते कार्तिकेय से बातचीत में और भी कई महत्वपूर्ण जानकारी भास्कर रेड्डी के हाथ लगी। इसके बाद काकीनाडा के सर्पावरम पुलिस थाने में सादिक खान पर हत्या का मुकदमा भी दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी। दिल्ली के दोस्त के संपर्क में था शेख सादिक खान
मेरठ एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आंध्र प्रदेश पुलिस के संपर्क करने के बाद मेरठ पुलिस ने भी आरोपी की निगरानी शुरु कर दी। दरअसल, पुलिस को पता चला कि शेख सादिक खान का दिल्ली में कोई दोस्त है, जिससे वह फोन पर संपर्क में है। मेरठ पुलिस ने इंतजार करने के बजाए उस दोस्त से संपर्क किया और उसे पूरा मामला समझाया। पता चला कि शेख सादिक खान दोस्त के पास से मेरठ आने के लिए निकल चुका था। इसके बाद पुलिस ने मेट्रो स्टेशनों पर फील्डिंग लगा दी। शुक्रवार को बेगमपुल स्टेशन पर दबोचा गया
एसपी सिटी ने बताया कि मेरठ पुलिस को गुरुवार को दिल्ली वाले दोस्त से जानकारी मिली थी कि सादिक मेरठ में नौचंदी थाना क्षेत्र में कहीं आकर रुकेगा। इस सूचना पर पुलिस ने उसका पीछा किया। साथ ही आंध्र प्रदेश पुलिस से भी संपर्क में रही। शुक्रवार को बेगमपुल मेट्रो स्टेशन पर आरोपी पुलिस के सामने था। आंध्र प्रदेश पुलिस का इशारा मिलते ही उसे दबोच लिया गया। इसके बाद पुलिस उसे नौचंदी थाने लेकर आ गई। शनिवार को लेकर रवाना हुई आंध्रा पुलिस
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपी का पूरा नाम शेख सादिक खान पुत्र शेख सिकंदर आजम खान निवासी दरवाजा येरुसु वारी वीधी, रामाकृष्ण राव पेट, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, आंध्र प्रदेश था। शुक्रवार को आंध्र पुलिस को उसे सौंप दिया गया। शनिवार को ट्रांजिट रिमांड बनवाकर आंध्र प्रदेश पुलिस उसे लेकर रवाना हो गई। सोमवार को आंध्र प्रदेश पुलिस ने अपने यहां पहुंचकर प्रेसवार्ता करते हुए दोनों घटनाओं का खुलासा कर दिया। एसएसपी करेंगे पुलिस टीम को पुरस्कृत मेरठ पुलिस के इस कार्य की एसएसपी मेरठ बीबी जीटीएस मूर्ति ने सराहना की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के नेतृत्व में मेरठ पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, वह अपने आप में काबिल-ए-तारीफ है। एसएसपी ने मेरठ पुलिस की टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *