भिंड के गोरमी में सोमवार को मोबाइल कोर्ट ने वाहनों की जांच की। इस दौरान नर्मदापुरम क्राइम ब्रांच की पुलिस टीम का वाहन भी बिना सीट बेल्ट के मिला। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पुलिस वाहन का भी चालान काटा। कचनाव तिराहा पर हुई जांच में कुल 100 वाहनों के चालान बनाए गए। इनसे करीब 1 लाख 31 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई की गई। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश पर मेहगांव न्यायालय के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दिलीप कुमार दुबे ने मोबाइल कोर्ट लगाई। जांच में चार पहिया वाहनों की सीट बेल्ट, काली फिल्म, प्रदूषण प्रमाण पत्र, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेज देखे गए। इसी दौरान नर्मदापुरम क्राइम ब्रांच की गाड़ी को भी रोका गया। उसमें सवार पुलिस जवान बिना सीट बेल्ट के मिले। इसके बाद उनका चालान किया गया। अवैध काली फिल्म हटवाई जांच के दौरान कई गाड़ियों में लगी काली फिल्म मौके पर ही हटवाई गई। स्कूल बसों की भी जांच की गई। दो बसों में परमिट की शर्तों का उल्लंघन मिला। दोनों के चालान बनाए गए। एक स्कूल बस को रोकने की कोशिश की गई। चालक बस लेकर भाग गया। पुलिस ने पीछा कर बस को पकड़ा और उसका भी चालान किया। मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई में मोटरयान अधिनियम के तहत 100 वाहनों के चालान बनाए गए। कुल 1.31 लाख रुपए की चालानी कार्रवाई हुई।

