कृषक समृद्धि आयोग ने कृषि योजनाओं की समीक्षा की:किसानों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

कृषक समृद्धि आयोग ने कृषि योजनाओं की समीक्षा की:किसानों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद में सोमवार को दो बजे करीब कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) कुलजीत सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। सर्किट हाउस में आयोजित इस बैठक में कृषि एवं कृषि से संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कृषक समृद्धि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की। बैठक में किसानों के हित में संचालित विभिन्न कृषि एवं संबंधित योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। सदस्य कुलजीत सिंह ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति, किसानों को लाभ उपलब्ध कराने के तरीकों और पात्र किसानों तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि सुधारों को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2017 में कृषक समृद्धि आयोग का गठन किया गया था। इसके अतिरिक्त, राज्य में पशुपालन और डेयरी विकास को प्रोत्साहित करने के लिए कृषक समृद्धि योजना जैसी पहल भी चलाई जा रही हैं। आयोग का मुख्य उद्देश्य प्राथमिकता के आधार पर किसानों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। कुलजीत सिंह ने कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र किसानों को योजनाओं की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए और उन्हें पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने पर भी जोर दिया। बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य और सहकारिता सहित विभिन्न कृषि संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं और उनकी प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। सदस्य ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, उप निदेशक कृषि अरविंद मोहन, जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार, एआर कॉपरेटिव अजय पालीवाल, जिला खाद्य विपणन अधिकारी रोली सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य सुप्रिया रानी सहित कई संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *