देवास में सोमवार को छात्र-छात्राओं की समस्याओं और परिवहन से जुड़ी मांगों को लेकर NSUI ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। NSUI पदाधिकारी घोड़े पर सवार होकर भोपाल चौराहे पहुंचे और विरोध जताया। इसके बाद वे घोड़े के साथ सीधे केपी कॉलेज परिसर में पहुंचे और घोड़े पर बैठे-बैठे ही प्रभारी प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। NSUI ने ज्ञापन के माध्यम से छात्र-छात्राओं की समस्याओं को दूर करने की मांग की। संगठन ने कॉलेज छात्राओं के लिए सरकारी और निजी बसों में सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की मांग की। इसके अलावा छात्रों को बस किराए में 50 प्रतिशत छूट, कॉलेज विद्यार्थियों के लिए लर्निंग लाइसेंस बनवाने की सुविधा और बसों में छात्र-छात्राओं के साथ होने वाले दुर्व्यवहार पर रोक लगाने की मांग की गई। रोज बसों से कॉलेज पहुंचते हैं विद्यार्थी NSUI पदाधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में विद्यार्थी रोजाना बसों से कॉलेज आते-जाते हैं। इस दौरान उन्हें किराए और बस कर्मचारियों के व्यवहार से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। छात्राओं की सुरक्षा भी संगठन ने प्रमुख मुद्दा बताया। NSUI ने जिम्मेदार अधिकारियों और बस संचालकों से व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की। सात दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन की चेतावनी NSUI जिला अध्यक्ष श्रीकांत उपाध्याय ने कहा कि संगठन हमेशा छात्र हितों के लिए संघर्ष करता रहा है। घोड़े पर बैठकर ज्ञापन देना केवल प्रदर्शन का तरीका नहीं, बल्कि जिम्मेदारों तक छात्रों की आवाज पहुंचाने का संदेश है। उन्होंने कहा कि यदि सात दिन के भीतर मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो NSUI सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

