महोबा में अनियंत्रित होकर कार पलट गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। शव रातभर सड़क पर ही पड़ा रहा। सुबह पेट्रोलिंग पर निकली पुलिस टीम ने सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त कार देखी और युवक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 9 दिसंबर को युवक की शादी तय थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर। परिजनों को हादसे की सूचना दी। युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता प्राइवेट डॉक्टर हैं। हादसे का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें कार तेज रफ्तार से गुजरती दिखाई देती है और कुछ ही क्षण बाद अनियंत्रित होकर पलट जाती है। वीडियो में हादसे की पूरी घटना कैद होने के बाद दुर्घटना की गंभीरता सामने आई है। मलखान कुशवाहा जो प्राइवेट डॉक्टर हैं। राहुल उनका इकलौता बेटा था। उनकी तीन बहनें हैं। करीब डेढ़ साल पहले उनकी मां की भी हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी। अब इकलौते बेटे के चले जाने के बाद पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के सत्तीपुरा मोहल्ले में रहने वाले राहुल कुशवाहा रविवार देर रात अपने घर से कार लेकर निकले थे। उन्हें लवकुश नगर तिराहा स्थित अपने दूसरे मकान की ओर जाना था। राहुल कार लेकर पुलिस लाइन रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान जिम के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। सोमवार सुबह क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम की नजर दुर्घटनाग्रस्त कार पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और राहुल को गंभीर हालत में महोबा जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद राहुल को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी।
9 दिसंबर को होनी थी शादी, घर में चल रही थीं तैयारियां राहुल की मौत की सबसे दर्दनाक बात यह है कि उनकी शादी 9 दिसंबर को तय थी। परिवार में शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। कुछ ही दिनों बाद जिस घर में बारात की तैयारियां और खुशी का माहौल होना था, वहां अब मातम पसरा है। मृतक के चाचा नरेंद्र कुशवाहा और मामा पंचम सिंह कुशवाहा ने बताया कि राहुल अपने पिता मलखान कुशवाहा के इकलौते बेटे थे। उनकी तीन बहनें हैं। परिवार पहले ही राहुल की मां की मौत का दर्द झेल रहा था। परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले राहुल की मां का हार्ट अटैक से निधन हो गया था। अब राहुल की सड़क हादसे में मौत के बाद पिता अकेले रह गए हैं। जिस बेटे की शादी की तैयारियों में परिवार जुटा था, उसी के अंतिम संस्कार की तैयारी करनी पड़ रही है। मोहल्ले में भी हादसे की चर्चा है। लोग यही कहते नजर आए कि अगर कार की रफ्तार कम होती तो शायद यह हादसा इतना जानलेवा नहीं होता। फिलहाल पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

