मैनपुरी में रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा। पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने रविवार रात करीब 8 बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के खटीकपुर में छापा मारा। एक मकान से करीब 500 लीटर सिंथेटिक दूध बरामद किया गया। मौके से रिफाइंड ऑयल, यूरिया और दूध तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य पदार्थ भी मिले। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर घर में मारा छापा पुलिस के अनुसार, कोतवाली पुलिस, मीडिया सेल और एवीटी टीम को सूचना मिली थी कि खटीकपुर में दो लोग घर पर सिंथेटिक दूध तैयार कर रहे हैं। बताया गया कि तैयार दूध को बाजार में बेचने की तैयारी थी। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मकान पर छापा मारा। दूध के साथ मिलावटी पदार्थ बरामद तलाशी के दौरान करीब 500 लीटर सिंथेटिक दूध मिला। इसके अलावा रिफाइंड ऑयल, यूरिया और दूध में मिलावट के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अन्य पदार्थ भी बरामद किए गए। बड़ी मात्रा में दूध मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। सैंपल जांच के लिए भेजे खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बरामद दूध के नमूने लिए हैं। इन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दूध में इस्तेमाल किए गए पदार्थों और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति स्पष्ट होगी। दो आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मौके से नेत्रपाल पुत्र राम सिंह और रिंकू पुत्र राम सिंह, दोनों निवासी खटीकपुर, थाना कोतवाली मैनपुरी को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सिंथेटिक दूध तैयार करने का काम कब से चल रहा था और इसकी सप्लाई किन दुकानों या बाजारों में की जानी थी। इन टीमों ने की कार्रवाई कार्रवाई में मीडिया सेल प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह चंदेल, एवीटी प्रभारी उपनिरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह और कोतवाली पुलिस टीम शामिल रही। खाद्य विभाग की ओर से मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ए.के. पाठक, खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्रजीत सिंह और बृजेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर दूध के सैंपल लिए।

