जशपुर पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान’ जिले में लोगों को साइबर अपराधों से बचाने और सुरक्षित तरीके से डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने के लिए चलाया जा रहा है। 22 अगस्त को पुलिस ने एक ही दिन में जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों के 358 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम किए। इस दौरान 30,444 लोग अभियान से जुड़े। यह अभियान पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देश और डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में चल रहा है। पुलिस की टीमें स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थानों के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचीं। यहां विद्यार्थियों, युवाओं और आम लोगों को साइबर ठगी से बचने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। जिला मुख्यालय के शासकीय राम भजन राय एनईएस कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम पिन, पासवर्ड और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से भी बचें। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया। उन्होंने बिना हेलमेट वाहन न चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल न करने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। इसके अलावा विद्यार्थियों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी जानकारी दी गई। वहीं, शासकीय गर्ल्स कॉलेज जशपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचने के तरीके बताए। उन्होंने फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, यूपीआई फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करनी चाहिए। ‘साइबर सेल्फी’ के जरिए युवाओं को किया जागरूक अभियान के दौरान विद्यार्थियों और युवाओं को ‘साइबर सेल्फी’ के जरिए जागरूकता का संदेश आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने युवाओं से कहा- “मैं जागरूक हूं, आप भी जागरूक बनें।” जशपुर पुलिस के अनुसार, एक जागरूक व्यक्ति अपने परिवार और आसपास के 5 से 10 लोगों को साइबर अपराध से बचने के बारे में जानकारी दे सकता है। इसी सोच के साथ जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम और लोगों से बातचीत की जा रही है। SSP ने छात्रों को दी साइबर सुरक्षा की जानकारी SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने नागरिकों और युवाओं से खुद साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने और अपने परिवार, दोस्तों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक जागरूक व्यक्ति की छोटी सी कोशिश कई लोगों को साइबर ठगी से बचा सकती है।

