नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध:ग्रामीणों ने घेरा थाना, आरोपी के जुलूस की मांग

नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध:ग्रामीणों ने घेरा थाना, आरोपी के जुलूस की मांग

विदिशा जिले के नटेरन में एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले को लेकर ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्रा के परिजन करीब तीन घंटे तक थाना परिसर के बाहर प्रदर्शन करते रहे। वे आरोपी का नगर में जुलूस निकालने और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। घटना शनिवार को हुई, जब 13 वर्षीय छात्रा अपनी सहेलियों के साथ स्कूल जा रही थी। बाजार मोहल्ले के पास एक गली में पहुंचने पर भोला उर्फ कन्हैया प्रजापति नामक व्यक्ति ने छात्रा को पीछे से पकड़ लिया। छात्रा के चिल्लाने और खुद को छुड़ाकर भागने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घर पहुंचकर छात्रा ने अपने पिता को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी भोला उर्फ कन्हैया प्रजापति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद आज बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने और उसका नगर में जुलूस निकालने की मांग की। इस दौरान नटेरन जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि सहित कई वरिष्ठ ग्रामीण भी मौजूद थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए गंजबासौदा की एसडीओपी शिखा भालवी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है और कानून को अपने हाथ में लेकर जुलूस निकालना उचित नहीं है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को घटना के तुरंत बाद हिरासत में ले लिया गया था। हालांकि, उसकी तबीयत खराब होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। लगभग तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद, पुलिस की समझाइश पर ग्रामीणों ने थाना घेराव समाप्त कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई जारी रखी है। ग्रामीण अभी भी नाबालिग के साथ हुई इस घटना में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *