रामगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 22.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने सुभाष चौक के पास दुर्गा मंदिर के सामने स्थित एक गुमटी से गांजा बेचने के आरोप में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो और अर्टिगा कार भी जब्त की है। गुप्त सूचना मिली थी कि सुभाष चौक स्थित एक गुमटी में अवैध रूप से गांजा बेचा जा रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम जब गुमटी के पास पहुंची तो पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रितेश कुमार, पिता पुरुषोत्तम कुमार सिंह, निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ के रूप में हुई। गुमटी में मिला 960 ग्राम, घर की तलाशी में निकला 21.3 किलो गांजा पुलिस टीम ने गुमटी की तलाशी ली तो वहां से करीब 960 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद गिरफ्तार रितेश कुमार से पूछताछ की गई। उसके बताए अनुसार पुलिस टीम ने उसके घर पर भी छापेमारी की। घर की तलाशी के दौरान 16 अलग-अलग पैकेट मिले, जिनमें कुल 21.300 किलोग्राम गांजा रखा हुआ था। गुमटी और घर से बरामद गांजे को मिलाकर पुलिस ने कुल 22.200 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया। पुलिस के अनुसार, गांजा के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो कार संख्या JH-2V-2425 और अर्टिगा वाहन संख्या JH-24N-2425 को भी जब्त कर लिया गया है। बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जेल भेजा जाएगा आरोपी युवक मामले को लेकर रामगढ़ थाना में कांड संख्या 216/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii), 25 और 29 के तहत कार्रवाई शुरू की है। गिरफ्तार रितेश कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके लिए बरामद मादक पदार्थ के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजा की तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

