आजमगढ़ जिले में रविवार को आयोजित UPSSSC स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी आजमगढ़ रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने राजकीय गवर्नमेंट गर्ल्स कालेज, डीएवी कालेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा और परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर लगे CCTV कैमरों, बायोमेट्रिक सत्यापन, अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे। 1156 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 6888 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जिनमें से 5732 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1156 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिला प्रशासन और आजमगढ़ पुलिस की ओर से परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती गई। बताते चलें कि जिले के अधिकारियों ने रविवार को होने वाली इस परीक्षा को सकुशल संपन्न करने के लिए पूर्व में ही कई बार अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके थे।

