सतना में रविवार को शहर का माहौल शिवमय हो गया। केदारनाथ भक्त मंडल के तत्वावधान में सिंधी कैंप से भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। इसमें करीब 200 कांवड़ियों के साथ हजारों की संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। हाथों में कांवड़ और जुबां पर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय कर दिया। कांवड़ यात्रा के आगे भगवान महाकाल की झांकी चल रही थी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। मंडली ने मोहक प्रस्तुतियां दीं
यात्रा की एक खास बात उज्जैन से आई ‘जय शिव महाकाल मंडली’ की भक्तिमय प्रस्तुति रही। मंडली के सदस्यों ने विशेष वाद्य यंत्रों के साथ धार्मिक धुनों की मोहक प्रस्तुतियां दीं, जिस पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। सिंधी कैंप से शुरू हुई यह यात्रा सेमरिया चौक और कृष्ण नगर होते हुए जगतदेव तालाब पहुंची। रास्ते में करीब 50 स्थानों पर शिवभक्तों और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया। कई जगह श्रद्धालुओं के लिए पानी और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी। सुबह से ही उत्साह का माहौल था
जगतदेव तालाब पहुंचने के बाद कांवड़ यात्रा का समापन हुआ। यहां स्थित शिव मंदिर में कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन-अभिषेक किया। पूजा-पाठ के बाद एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। कांवड़ यात्रा को लेकर शहर में सुबह से ही उत्साह का माहौल था। शिवभक्त पारंपरिक वेशभूषा और कांवड़ के साथ यात्रा में शामिल हुए, जहां उनकी आस्था और भक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।

