भोपाल की आईईएस यूनिवर्सिटी में आयोजित देश की प्रतिष्ठित ‘हिंदुस्तान फॉर्मूला कार्टिंग चैंपियनशिप’ (HFKC) सीजन-6 में ग्वालियर के माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (MITS) की ‘टीम स्कैवेंजर’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की है। 21 अगस्त को हुए इस रेसिंग मुकाबले के सबसे कठिन एंड्योरेंस टेस्ट में टीम ने अपने नजदीकी प्रतियोगी टीम को 4 लैप्स से पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। 45 मिनट में पूरे किए 29 लैप्स, बनाया नया रिकॉर्ड भोपाल के रेसिंग ट्रैक पर 45 मिनट तक चले इस मुकाबले में गाड़ियों की तकनीकी मजबूती और ड्राइवर्स के क्षमता की परीक्षा हुई। MITS की ‘टीम स्कैवेंजर’ ने रणनीति और तालमेल दिखाते हुए कुल 29 लैप्स पूरे किए। टीम की कार्ट की स्पीड और कंट्रोल के आगे अन्य टीमें काफी पीछे छूट गईं। एलुम्नी राउंड में आनंद बने बेस्ट रेसर प्रतियोगिता के एलुम्नी राउंड में भी MITS से जुड़े आनंद दांगी ने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने ‘बेस्ट रेसर’ के साथ ‘एंड्योरेंस विजेता’ का खिताब भी हासिल किया। कप्तान श्रेयान्श, ड्राइवर अविरल-अनुज टीम के कप्तान श्रेयान्श चौरसिया और उप-कप्तान देवांश अरोरा रहे। मुख्य ड्राइवर अविरल चंसोरिया और अनुज चौधरी थे। गाइड्स और रणनीति की जिम्मेदारी उत्कर्ष राज, आनंद दांगी और युवराज तिवारी ने संभाली। तकनीकी टीम में अनंतिका सोनी, खुशी, आंजनेया, देवांश, लवकेश, ओम, भावना, रिद्धिमा, बलराज, अक्षत, आदित्य, राम, आदित्य सिंह, राइहान, अभिषेक, अन्वेष और अविरल शामिल रहे। रवाना होने से पहले हुआ फ्लैग-ऑफ चैंपियनशिप के लिए भोपाल रवाना होने से पहले MITS परिसर में टीम का फ्लैग-ऑफ किया गया था। प्रो-कुलपति प्रो. मंजरी पंडित, कुलपति प्रो. आर.के. पंडित, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. डॉ. मनीष के. सागर और क्लब कोऑर्डिनेटर प्रो. वैभव शिवहरे समेत वरिष्ठ प्राध्यापकों ने टीम की गो-कार्ट का निरीक्षण किया और छात्रों को शुभकामनाएं दीं।

