शामली की एक महिला ने अपने पति पर निकाह के बाद साथ न रखने का आरोप लगाया है। महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है और न्याय न मिलने पर आत्महत्या की चेतावनी दी है। यह मामला शनिवार को नगरपालिका में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान सामने आया। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2018 में उसकी दोस्ती आरोपी युवक से हुई थी। दोनों लगभग चार साल तक रिश्ते में रहे। महिला का आरोप है कि 2022 में गर्भवती होने पर उसने युवक से शादी के लिए कहा, लेकिन युवक ने मजहब का हवाला देकर उसका गर्भपात करा दिया और शादी से इनकार कर दिया। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद आरोपी युवक शादी के लिए तैयार हुआ। 30 जुलाई 2022 को शामली के झिंझाना कस्बे में दोनों का निकाह हुआ। महिला का कहना है कि निकाह के कुछ समय बाद पति उसे दो महीने के लिए मायके भेजकर वापस लेने आने की बात कहकर चला गया, लेकिन फिर कभी वापस नहीं आया। महिला का आरोप है कि उसके पति ने अपना मोबाइल नंबर बदल लिया और लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। काफी तलाश के बाद उसे हाल ही में पता चला कि उसका पति मुजफ्फरनगर में अपनी मौसी के घर रह रहा है। जब वह वहां पहुंची, तो पति और उसकी मौसी ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और फिर मकान पर ताला लगाकर वहां से चले गए। इस मामले में पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने जांच कराने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। चार साल से पुलिस-प्रशासन के चक्कर लगाने का आरोप
पीड़िता का कहना है कि निकाह के बावजूद उसे पति के साथ रहने का अधिकार नहीं मिल पाया। वह पिछले करीब चार वर्षों से अपने पति को साथ ले जाने और मामले में न्याय दिलाने के लिए पुलिस तथा अधिकारियों के चक्कर लगा रही है। महिला का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
प्रेसवार्ता के दौरान महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की। उसने कहा कि उसे मुख्यमंत्री पर भरोसा है और उम्मीद है कि उसकी समस्या का समाधान होगा। साथ ही उसने चेतावनी दी कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो जाएगी।
एसपी बोले-जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले में पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

