ग्वालियर में 36 सीटर बस में मिलीं 60 सवारियां:ग्वालियर से भिंड जा रही थी बस, पुलिस का एक्शन 21 वाहनों से वसूला 41 हजार जुर्माना

ग्वालियर में 36 सीटर बस में मिलीं 60 सवारियां:ग्वालियर से भिंड जा रही थी बस, पुलिस का एक्शन 21 वाहनों से वसूला 41 हजार जुर्माना

सवारियों की जान जोखिम में डालकर दौड़ने वाले ओवरलोड सवारी वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। शनिवार शाम को चेकिंग अभियान के दौरान डीडी नगर पर पुलिस को ऐसा नज़ारा मिला जिसे देख अधिकारी भी दंग रह गए। 36 सीटर बस में भेड़-बकरियों की तरह 60 सवारियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस को जब्त कर लिया और 17 हजार रुपए का भारी जुर्माना लगाया। इसके अलावा नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 20 अन्य वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 41 हजार रुपये का चालान काटा गया। 36 सीटर बस में 60 सवारियां, डीडी नगर पर पुलिस ने पकड़ा एएसपी (यातायात) सुजावल जग्गा के निर्देश पर यातायात निरीक्षक अभिषेक रघुवंशी और गोला का मंदिर थाना प्रभारी की टीम ने डीडी नगर पर विशेष चेकिंग पॉइंट लगाया था। इस दौरान अप्सरा ट्रैवल्स की बस को रोककर जांच की गई। बस के अंदर का नज़ारा देखकर पुलिस हैरान रह गई। 36 सीटर क्षमता वाली इस बस में क्षमता से लगभग दोगुनी यानी 60 सवारियां भरी हुई थीं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ था। पुलिस ने बिना देरी किए बस को जब्त कर थाने में खड़ा कराया और मौके पर ही 17 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की। गोला का मंदिर, डीडी नगर व मुरार बारादरी पर चेकिंग डीडी नगर में कार्रवाई के बाद यातायात पुलिस की टीम गोला का मंदिर और बारादरी चौराहे पहुंची। यहां भी ओवरलोडिंग और नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य सवारी वाहनों की सघन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान करीब 20 ऐसे सवारी वाहन पाए गए जो यात्रियों की जान जोखिम में डालकर फर्राटा भर रहे थे। पुलिस ने इन सभी वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 41 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला। बॉडीबॉर्न कैमरों से लैस रहे अफसर, लेफ्ट टर्न कराए खाली कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों से होने वाले विवाद और अनर्गल आरोपों से बचने के लिए पुलिस अफसरों ने अनोखी पहल की। चेकिंग में तैनात सभी अधिकारी और जवान बॉडीबॉर्न कैमरे पहनकर चेकिंग करते नजर आए, ताकि पूरी कार्रवाई रिकॉर्ड हो सके। इसके अलावा चौराहे के लेफ्ट टर्न पर अवैध रूप से वाहन खड़े कर ट्रैफिक जाम करने वाले चालकों को भी पुलिस ने खदेड़ा और सख्त चेतावनी दी। एएसपी सुजावल जग्गा ने स्पष्ट किया है कि शहर के प्रमुख चौराहों पर ओवरलोडिंग और यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *